महराजगंज। जिलाधिकारी अमरनाथ उपाध्याय ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद स्तरीय जन सूचना अधिकारियों के साथ बैठक की। डीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिला स्तरीय सभी जन सूचना अधिकारी शिकायतकर्ताओं द्वारा मांगी गई सूचनाओं को समय से उपलब्ध कराएं। ऐसे मामलों के निस्तारण में देरी न करें। जिलाधिकारी ने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में कराई जाने वाली फोटो के प्रति में लगने वाले खर्चे को तत्काल पत्र भेज कर शिकायतकर्ताओं से जमा कराएं, खर्चे की मांग न करने वाले अधिकारियों को स्वयं अपने खर्च पर फोटोकापी कराना होगा। मसलन हर हाल में सूचना समय से देना होगा। उन्होंने कहा कि जिले स्तर पर समय से सूचना न मिलने की वजह से ही शिकायतकर्ता सूचना आयोग की तरफ रूख करता है, जिससे समस्या सामने आती हैं। ऐसे में सभी जन सूचना अधिकारी इसे गंभीरता से लें तथा शिकायतकर्ताओं को समय से सूचना उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। डीएम ने यह भी कहा कि जिलाधिकारी कार्यालय को पांच शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिसे संबंधित विभाग को भेज दिया गया है। ऐसे अधिकारी जनहित प्रक्रिया के तहत सूचना उपलब्ध करा दें। बैठक में सीडीओ रामसिंहासन प्रेम, डीएफओ मनीष सिंह, एडीएम इंद्रभूषण वर्मा, एएसपी आशुतोष शुक्ला, जिला युवा कल्याण अधिकारी अजात शत्रु शाही, एसडीएम मदन कुमार आदि मौजूद रहे।