महराजगंज। मंगलवार को सरडिहां गांव की एक महिला जिला अस्पताल में नसबंदी कराने आई थी। नसबंदी के बाद उसने घर जाने के लिए एंबुलेंस की मांग की। आरोप है कि एंबुलेंस चालक ने पांच सौ रूपये की मांग की। देर शाम सात बजे महिला के परिजन और पूर्व प्रधान के साथ जिला अस्पताल के सामने सड़क को जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। एंबुलेंस चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग महिला के परिजन करने लगे। थोड़ी देर बाद कोतवाली पुलिस और जिला अस्पताल के डॉक्टर मौके पर पहुंचे। समझा बुझाकर लोगों को शात कराया। इसके बाद जाम समाप्त हुआ। वहीं अस्पताल प्रशासन ने एंबुलेंस चालक के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया।
मंगलवार को सरडिहां गांव की रहने वाली रूक्मणि देवी जिला अस्पताल में नसबंदी के लिए आई थी। उनका आपरेशन करीब तीन बजे तक हो गया। वह अस्पताल में फर्श पर लेटी रही। उनकी मां शारदा देवी एंबुलेंस चालक से बेटी को ले जाने की बात कही तो वह 500 रूपये मांगने लगा। आरोप है कि रूपये न देने पर रूक्मणि देवी को अस्तपाल में ही छोड़ दिया गया। शाम को जिला अस्पताल में सरडिहा गांव के पूर्व प्रधान सीताराम पहुंचे। महिला से बातचीत की। इसके बाद महिला को साथ लेकर जिला अस्पताल के सामने रोड को जाम कर दिया। कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। लोगों को समझा बुझाकर मामले को शांत कराया। जिला अस्पताल के डाक्टर एके राय मौके पर पहुंचे। उन्होंने एंबुलेंस से तुरंत घर भेजवाने की बात कहते हुए एंबुलेंस चालक के खिलाफ कार्रवाई की बात कही। इसके बाद परिजनों को गुस्सा शांत हुआ। प्रदर्शन के दौरान प्रदीप जायसवाल, जमील, आशीष, परशुराम, हरिश्चंद्र, नूरआलम, हैदर अली आदि मौजूद रहे।