नौतनवां (महराजगंज)। बुद्धम शरणम गच्छामि का उदघोष करते हुए बौद्ध भिक्षुओं का समूह बोधगया से पदयात्रा करते हुए शुक्रवार को नौतनवां के छपवा तिराहा पर पहुंचा।
वहां विश्व शांति मिशन के प्रचारक हाफिज अली कादरी व उनके साथियों द्वारा उनका स्वागत किया गया। थाईलैंड से निकले 111 बौद्ध भिक्षुओं की यात्रा नेपाल स्थित लुंबिनी में समाप्त होगी। विश्व शांति मिशन के प्रचारक हाफिज अली कादरी ने बौद्ध भिक्षुओं के स्वागत के दौरान कहा कि मानवता से बड़ा कोई धर्म नहीं होता। हम सभी को चाहिए कि हम लोग जाति पाति का भेदभाव न करें बल्कि एक इंसान बनकर जीना सीखें और लोगों को भी इंसानियत से जीने के सलीके को बताएं। इस दौरान दीपक त्रिपाठी, अजय कुमार चौरसिया ,दिवाकर त्रिपाठी ,रमेश चौधरी, ग्राम प्रधान राम सूझ आदि मौजूद रहे।