महराजगंज। ठंड अब जानलेवा हो गई है। मुड़िली चौराहा, सिरसिया मलमलिया और नक्शा बक्सा टोले के अलावा ठूठीबारी इलाके में दो महिलाओं समेत चार की मौत हो गई। घर वालों के ठंड से मौत की बात बताई। सर्द हवाओं के बीच कड़ाके की ठंड और गलन से लोगों का जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है।
रविवार को कड़ाके की ठंड की वजह से सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। ज्यादातर लोग अपने घरों में सिमटे रहे। वहीं नगर में कुछ स्थानों पर अलाव नहीं जलने से लोग ठंड से ठिठुरते नजर आए। दोपहर में कड़ाके की ठंड की वजह से सड़कों पर सन्नाटा नजर आया। रोडवेज बस स्टेशन पर यात्री कांप रहे थे। न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस रहा जबकि अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहा।
नौतनवां प्रतिनिधि के अनुसार, रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के लिये अलाव की कोई व्यवस्था नजर नहीं आई। ट्रेन का इंतजार कर रहे यात्रियों को ठंड की वजह से काफी परेशानी झेलनी पड़ी। वही रेलवे स्टेशन चौराहा, अस्पताल चौराह, जयहिंद चौराहा, गांधी चौक, हनुमान चौक, खनुआ चौक, बनैलिया चौराहे पर नगर पालिका का अलाव देखने को नहीं मिला। वहीं नगर के कई स्थानों पर कड़ाके की ठंड को देखते हुए स्थानीय दुकानदार अलाव जलाकर ठंड से राहत लेते नजर आये। इस कंपकंपाती ठंड में छोटे बच्चों तथा बुजुर्गों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
नगर पालिका चेयरमैन गुड्डू खान का कहना है कि नगर पालिका कर्मचारियों को नगर के सोलह सार्वजनिक स्थानों पर प्वाइंट बनाकर अलाव जलवाने के दिशा निर्देश दिए गए हैं। वह खुद इसकी जांच मौके पर जाकर करेंगे। अलाव जलाने में लापरवाही हुई तो दोषी कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
कोल्हुई प्रतिनिधि के अनुसार, थाना क्षेत्र कोल्हुई के खुटहा निवासी मिश्री लाल (40) मुड़िली में एक घर में रविवार की सुबह गिर पडे़ और उनकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष गिरिजेश कुमार उपाध्याय ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर मौत के कारण का पता चल सकेगा।
परतावल प्रतिनिधि के अनुसार सिरसिया मलमलिया निवासी गोपी प्रसाद (55) राजगीर का काम करते हैं। रविवार को सुबह खाना खाने के बाद काम पर जाने की तैयारी कर रहे थे कि उन्हें उल्टी होने लगी। वह जमीन पर गिर पड़े। घरवाले सीएचसी परतावल ले गए। डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने बताया ठंड लगने से गोपी प्रसाद की मौत हुई है।
चौक बाजार प्रतिनिधि के अनुसार, नक्शा बक्सा टोला हरदी निवासी मीना सहानी (35) सुबह भोजन बनाने के लिए चूल्हा जलाने गईं। अचानक उन्हें कंपकंपी होने लगी। परिजन अभी उन्हें अस्पताल ले जाने की तैयारी में थे कि उन्होंने दम तोड़ दिया।
ठूठीबारी प्रतिनिधि के अनुसार, बीती रात अलाव के पास हाथ सेंकते वक्त बुजुर्ग की मौत हो गई। परिजनों ने ठंड लगने से मौत होने की बात बताई। ठूठीबारी ग्राम सभा के टोला सड़कहवां निवासी सुखदेव पुत्र मुसई (62) बीती रात घर के बरामदे में अलाव केे पास हाथ सेंक रहे थे। अचानक जमीन पर गिर गए। उसी दौरान उनकी मौत हो गई। अचानक हुई मौत से परिजनों में चीख-पुकार मच गई। लोगों ने ठंड से मौत होना बताया।