महराजगंज। जिले के दौरे पर आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को 134 करोड़ की परियोजनाओं के दम पर शहर से जंगल की छोर तक विकास की गंगा बहा गए। उन्होंने शहरी इलाकों में बुनियादी सुविधाओं को बेहतर करने के साथ ही वनग्राम और मुसहर गांवों को भी विकास की डोर में बांधने की कोशिश की। इसके तहत उन्होंने चौक बाजार में 30 बेड के अस्पताल और पेयजल पाइप लाइन तथा डोमा में पाइप लाइन के जरिए जलापूर्ति परियोजना का शिलान्यास किया।
वनटांगिया और मुसहर समुदाय सीएम की प्राथमिकता में शामिल हैं। पिछले साल जनवरी में जिले के दौरे पर आए मुख्यमंत्री ने वनग्राम चंदनचाफी में करोड़ों की परियोजनाओं की आधारशिला रखी थी। लगभग 14 माह बाद सीएम जब दोबारा जिले में पहुंचे तो एक बार फिर उन्होंने वनग्राम चौक बाजार से विकास की गंगा बहाई। मुख्यमंत्री ने पेयजल पाइप लाइन, सीएचसी, सड़क व पयर्टन से जुड़ी कई परिजोनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। निचलौल के ग्राम सभा डोमा के भी पेयजल पाइप लाइन का सीएम ने लोकार्पण किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सरकार की योजना हर गांव, हर पात्र परिवार तक पहुंचेगी। उनकी सरकार बिना किसी भेदभाव के सबका विकास कर रही है।कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने सैकडों लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं का प्रमाण पत्र भी सौंपा। साथ ही चौक बाजार में 30 बेड के अस्पताल की घोषणा की। इस अस्पताल के शुरू होने से जंगल किनारे बसे गांवों के लोगों को इलाज के लिए शहर तक जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।