एएनएम की निगरानी में बनेगा किशोर मित्रता क्लब
सदर सीएचसी में कार्याशाला का आयोजन किया गया
अमर उजाला ब्यूरो
महराजगंज। राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत सदर सीएचसी सभागार में किशोर मित्रता क्लब गठन विषय पर कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिला समन्वयक शिवेंद्र प्रताप श्रीवास्तव ने बताया कि सदर ब्लॉक में चयनित पियर एजुकेटर वह आशा बहुओं का 87 प्रतिशत प्रशिक्षण का कार्य पूरा हो चुका है। प्रशिक्षण के उपरांत संबंधित उपकेंद्र पर एएनएम की निगरानी में किशोर मित्रता क्लब का गठन किया जाएगा जिसमें क्षेत्र की प्रशिक्षित आशा एवं पियर एजुकेटर सदस्य होंगे। क्लब गठन का मुख्य उद्देश्य पियर एजुकेटर को प्रोत्साहन, क्षमता वर्धन समीक्षा तथा किशोर-किशोरियों की गुणवता परक सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि किशोर मित्रता क्लब की बैठक त्रिमासिक रूप से संबंधित पीएचसी पर की जाएगी। स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी श्रीभागवत सिंह ने बताया कि क्लब गठन के उपरांत आशा और पियर एजुकेटर को साप्ताहिक रूप से निर्धारित गांव से संबंधित किशोर-किशोरियों के साथ बैठक करना होगा। किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के छह मुद्दों पर पियर एजुकेटर को जागरूक करना होगा। ब्लॉक कम्युनिटी प्रोसेस प्रबंधक लवली वर्मा ने कहा कि बैठक में की गई चर्चा को आशा को डायरी में अंकित करना होगा। आशा और प्रशिक्षित पियर एजुकेटर अपने गांव के किशोर-किशोरियों को स्वास्थ्य एवं पोषण शिक्षा देने में मदद करेंगे। इस दौरान पुष्प देवी, विजयलक्ष्मी राय, हेमवंती सरोज, अनुराधा सिंह, निर्मला देवी, आशा देवी, नीता, पूनम, कमलावती आदि मौजूद रहीं।