एवरेस्ट इंग्लिश स्कूल की मान्यता निरस्त
- वीडियो वायरल होने के मामले में डीएम के निर्देश पर बीएसए ने की कार्रवाई
- मामले की जांच के लिए जिलाधिकारी ने गठित की थी तीन सदस्यीय समिति
अमर उजाला ब्यूरो
महराजगंज। बाथरूम का वीडियो वायरल होने के मामले में नगर के पडरी बाजार स्थित एवरेस्ट इंग्लिश स्कूल की मान्यता निरस्त कर दी गई है। यह कार्रवाई डीएम के आदेश पर बीएसए ने की है। डीएम ने वीडियो वायरल होने के बाद मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय कमेटी का गठन किया था। समिति ने सोमवार को जिलाधिकारी को अपनी रिपोर्ट सौंपी थी।
वीडियो वायरल होने के बाद से स्कूल प्रबंधन को लेकर अभिभावकों और क्षेत्र के लोगों में काफी गुस्सा है। घटना की सूचना मिलने पर अभिभावकों ने स्कूल के सामने हंगामा भी किया था। पुलिस ने इस मामले में स्कूल प्रिंसिपल समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। इनमें से तीन लोगों को जेल भेजा जा चुका है, जबकि चौथे आरोपी की तलाश जारी है।
बीएसए जगदीश शुक्ला ने बताया कि बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से निशुल्क एवं अनिवार्य बाल शिक्षा अधिकार अधिनियम 2009 में वर्णित उद्देश्यों एवं निर्देशों के विपरीत आचरण, अश्लीलता विरोधी अधिनियम 354, स्त्री एवं बालिका निजता के उल्लंघन तथा जनाक्रोश को देखते हुए कार्रवाई की गई है। उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी के आदेश पर 6 जुलाई को स्कूल के खिलाफ जांच को तीन सदस्यीय जांच समिति गठित की गई थी। टीम की रिपोर्ट को जनपदीय मान्यता समिति के समक्ष प्रस्तुत किया गया। इस पर विचार के बाद समिति ने मान्यता निरस्त करने की सिफारिश की। इसके बाद डीएम के आदेश पर बीएसए ने सोमवार शाम स्कूल की मान्यता निरस्त कर दी। साथ ही स्कूल प्रबंधन को चेतावनी दी गई है कि अगर विद्यालय का संचालन किया गया तो एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। इसके बाद भी स्कूल खुला तो प्रतिदिन दस हजार रुपये की दर से अर्थ दंड लगाया जाएगा। विधिक कार्रवाई भी की जाएगी।