महराजगंज। आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं ने दिल्ली की केजरीवाल सरकार को अस्थिर करने के प्रयास का आरोप लगाकर सोमवार को जिला मुख्यालय पर कलेक्ट्रेट के सामने विरोध प्रदर्शन किया और सरकार विरोधी नारे लगाए। वहीं पर जिला प्रशासन के माध्यम से राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन भेजा।
आम आदमी पार्टी के जिला संयोजक पशुपतिनाथ गुप्ता ने पत्रक में कहा है कि जब से दिल्ली में केजरीवाल की सरकार बनी है, तब से भाजपा के लोग लगातार कोशिश कर रहे हैं कि किसी तरह केजरीवाल की सरकार गिर जाए। इसके लिए भाजपा के लोग तरह तरह के हथकंडे अपना रहे हैं।
अभी कुछ ही दिन पहले प्रमुख सचिव के माध्यम से पुलिस में झूठी रिपोर्ट लिखवाकर सरकार को बदनाम तथा अस्थिर करने की कोशिश की गई। भारी पुलिस बल भेज कर मुख्यमंत्री आवास की तलाशी ली गई, जो न केवल निंदनीय बल्कि लोकाचार के विरूद्ध है।
इस घटना के विरोध में जब लखनऊ में आप कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया तो सूबे की सरकार ने लाठी चार्ज करा दिया। जिसमें दर्जनों कार्यकर्ता घायल हो गए। इससे लगता है कि केेंद्र सरकार लगातार तानाशाही व्यवस्था की ओर बढ़ रही है। बार-बार लोकतांत्रिक व्यवस्था पर चोट किया जा रहा है। इस दौरान पशुपतिनाथ गुप्ता के अलावा केएम अग्रवाल, भगवानदत्त पांडेय, सोनू साहनी, अहमद, जयप्रकाश पटेल, श्रीकृष्ण, महेंद्र कुमार, संदीप गुप्ता, संजय पांडेय, राजेश यादव, सिकंदर रौनियार, साहिद अहमद, पंकज जायसवाल, तारकिशोर आदि उपस्थित रहे।