महराजगंज। अपराध और अपराधियों पर नियंत्रण को लेकर पुलिस अधिकारी सजग रहें। क्षेत्र में नियमित गश्त करें और क्राइम कंट्रोल के हरसंभव प्रयत्न करें। जिले के ऐसे अपराधियों को चिन्हित करें, जो अक्सर असलहा लेकर चलते हैं, इन पर अभियान चला कर कार्रवाई करें।
ये बातें जिले में क्राइम कंट्रोल की समीक्षा करने आए आईजी जोन गोरखपुर मोहित अग्रवाल ने सोमवार को पुलिस लाइन सभागार में पत्रकारों से वार्ता के दौरान कही। उन्होंने कहा कि बेहतर पुलिसिंग के लिए शासन द्वारा तय हर मानकों को पूरा किया जाए। थानों की रैकिंग कराई जा रही है। रैंकिंग के हिसाब से ही दरोगाओं की पोस्टिंग की जाएगी। उन्होंने बताया कि जनता के बीच पुलिस की बेहतर छवि बनाने को लेकर चलाए जा रहे ऑपरेशन मुलाकात के तहत पुलिस अधिकारी व्यापारियों से मिलने जायेंगे और उन्हे अपना विजटिंग कार्ड देकर उनकी समस्याओं को भी सुनेंगे। इसके अलावा थानों में पीने का पानी और बैठने की व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ ही थानेदारों को बेहतर व्यवहार का भी निर्देश दिया गया है। उन्होंने क्राइम कंट्रोल को लेकर छेड़छाड़ के आरोपियों पर गुंडा एक्ट व लूट के आरोपियों पर गैंगेस्टर भी लगाया जाएगा ताकि अपराध पर नियंत्रण किया जा सके। एसपी और सीओ भी व्यापारियों के बीच जाएंगे और उनकी समस्या का समाधान कर पुलिस और आमजन के बीच बेहतर सबंध बनाएंगे। शोहदों और बाइक लेकर स्कूल कॉलेजों के इधर- उधर भटकने वालों को चिह्नित कर उनके विरुद्ध भी एक्शन लेने का निर्देश दिया गया है। स्कूलों में लगाए गए शिकायत पेटिका को हर माह खोलें और उसका प्रभावी समाधान करते हुए बेहतर पुलिसिंग की माहौल बनाकर शांति व्यवस्था कायम रखने को लेकर पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया गया है।