महराजगंज। जिलाधिकारी अनुनय झा और पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा ने उप्र पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आरक्षी नागरिक पुलिस के पदों पर सीधी भर्ती-2023 की लिखित परीक्षा के लिए चिह्नित परीक्षा केंद्रों का बुधवार को निरीक्षण किया। जनपद में छह केंद्रों पर परीक्षा होगी। इसमें कुल 3144 अभ्यर्थी सम्मिलित होंगे।
दोनों अधिकारियों ने जीएसवीएस इंटर कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज महराजगंज, डाॅ. भीमराव आंबेडकर राजकीय महाविद्यालय धनेवा-धनेई, महामाया राजकीय आईटी पॉलीटेक्निक, धनेवा-धनेई का स्थलीय निरीक्षण किया।
जिलाधिकारी ने निरीक्षण के दौरान परीक्षा के लिए केंद्र में प्रवेश व निकास द्वार, परीक्षा कक्षों, प्रस्तावित कंट्रोल रूम, सीसीटीवी कैमरे, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था आदि की जानकारी ली।केंद्र पर उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा निर्धारित मानकों एवं निर्देशों का शत–प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करें। सभी केंद्रों पर साफ सफाई एवं उचित प्रकाश व्यवस्था रहे। प्रत्येक कक्ष में सीसीटीवी चालू हालत में रहे। उन्होंने परीक्षा के लिए सभी व्यवस्थाओं को समय सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा के दौरान सुचारू ट्रैफिक और सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत एसडीएम सदर को आवश्यक निर्देश दिया। इस दौरान एसडीएम सदर रमेश कुमार, जिला सूचना अधिकारी प्रभाकर मणि त्रिपाठी आदि उपस्थित रहे।