आठ दिसंबर को पहुंचेगी 3,442 मीट्रिक टन खाद
गोरखपुर पहुंची मोनो अमोनिया फास्फेट, आज समितियों व केंद्रों पर वितरण होने की उम्मीद
महराजगंज। जिले के समितियों व इफ्को केंद्रों पर खाद की नियमित उपलब्धता बनाए रखने की दिशा में कवायद की जा रही है। सोमवार को इफ्को केंद्र व समितियों पर लगभग 1,300 मीट्रिक टन मोनो अमोनिया फॉस्फेट खाद पहुंच जाएगी, वहीं आठ दिसंबर तक फिर इफ्को की 2,460 मीट्रिक टन डीएपी व 982 मीट्रिक टन एनपीके खाद पहुंचेगी।
जिले में किसान समितियों व इफ्को केंद्र पर आने वाली इफ्को व कृभको की फॉस्फेटिक खाद को अधिक तरजीह दे रहे हैं। जिले को मिली 1,300 मीट्रिक टन मोनो अमोनिया फॉस्फेट खाद रविवार की देर शाम गोरखपुर पहुंची। खाद को जिले तक पहुंचाने के लिए प्रयास जारी है, सोमवार की सुबह से लेकर दोपहर तक प्रत्येक दशा में समितियों व इफ्को केंद्रों पर खाद पहुंच जाएगी।
यही नहीं आगे भी समस्या न हो, इसके लिए इफ्को की 2,460 मीट्रिक टन डीएपी व 982 मीट्रिक टन एनपीके खाद की मांग की गई है, वह भी सात से लेकर आठ दिसंबर के बीच में जिले में पहुंच जाएगी। खाद के आने से किसानों को बड़ी सहूलियत होगी।
सहायक निबंधक सहकारिता सवींद्र सिंह ने बताया कि गोरखपुर स्थित रैक प्वाइंट पर मोनो अमोनिया फॉस्फेट खाद पहुंच चुकी है। सोमवार तक वह इफ्को केंद्र व समिति पर पहुंच जाएगी।