सिसवा नगर पालिका बोर्ड की बैठक में 29 करोड़ का प्रस्ताव पारित
सड़क, नाली व चौराहे के सुंदरीकरण के लिए 10 करोड़ रुपये का प्रस्ताव पारित
सिसवा बाजार। नगर पालिका परिषद सिसवा के निकाय बोर्ड की बैठक सोमवार को कार्यालय सभागार कक्ष में चेयरमैन शकुंतला जायसवाल की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में नगर के विकास के लिए 29 करोड़ रुपये का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया।
नगर पालिका परिषद अध्यक्ष शकुंतला जायसवाल ने बताया कि सीवरेज एवं जल निकासी योजना, पं. दीनदयाल उपाध्याय नगर विकास योजना, नगरीय झील एवं पोखर संरक्षण योजना, स्वच्छ भारत मिशन एवं नगरीय पेयजल योजना के अंतर्गत विभिन्न वार्डों में निर्माण कार्य कराए जाएंगे। इसके लिए सात करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना के अंतर्गत विस्तारित क्षेत्रों में सड़क, नाली व चौराहे के सुंदरीकरण के लिए 10 करोड़ रुपये का प्रस्ताव पारित हुआ है।
15वां वित्त आयोग/राज्य वित्त आयोग के अंतर्गत प्राप्त धनराशि से विभिन्न वार्डों में सीसी सड़क व नाली निर्माण, पोखरी का सुंदरीकरण एवं सामाग्रियों की आपूर्ति के लिए 12 करोड़ की कार्ययोजना को बैठक में स्वीकृत दी गई है। वहीं वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए तैयार की गई अनुमानित आय 94 करोड़ व अनुमानित व्यय रुपये 95 करोड़ के बजट परीक्षण की स्वीकृति की गई। वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए निकाय सीमांतर्गत स्थित टैक्सी स्टैंड/पोखरी/तालाब दुकान की वसूली के लिए नीलामी कराए जाने के प्रस्ताव की स्वीकृति प्रदान की गई। इस अवसर पर अधिशासी अधिकारी संदीप कुमार सरोज सहित सभी सभासद मौजूद रहे।