महराजगंज। एक तरफ सरकार और सामाजिक संगठन गोरक्षा को लेकर एड़ी-चोटी एक किए हुए हैं तो दूसरी तरफ जिला गोसदन मधवलियां में अव्यवस्था और लापरवाही से गायों के मरने का क्रम टूटने का नाम नहीं ले रहा है। बीते एक सप्ताह में इस गोसदन में 29 गायों की मौत हो चुकी है। हद तो तब हो गई जब बृहस्पतिवार की रात एक साथ सात गायों की मौत हो गई। दोपहर ढाई बजे तक उनके शवों को बाडे़ से निकालने की जहमत गोसदन प्रबंधन ने नहीं उठाई।
शुक्रवार की दोपहर 1:40 बजे ‘अमर उजाला’ की टीम गोसदन मधवलियां का हाल जानने पहुंची तो हालात देख दंग रह गई। दो बाड़ों में सात गाएं मरी पड़ी थीं। तीन गाएं अचेतावस्था में जमीन पर पड़ी थीं। कैमरे का फ्लैस चमकते देख दर्जन भर मजदूर मौके पर पहुंच गए और अचानक से गायों को चारा पानी देने लगे। मजदूरों से डाॅक्टर और सुपरवाइजर के बारे में पूछा गया तो वह कुछ भी बताने में आनाकानी करने लगे। हालांकि मजदूरों ने अपनी समस्याएं बताई और समय न मिलने का रोना राया।