ठूठीबारी। भारत-नेपाल सीमा से सटे नेपाल के महेशपुर क्षेत्र में रविवार सुबह नेपाल पुलिस ने भारतीय नंबर प्लेट लगी कार से 274 बोतल शराब बरामद की। शराब तस्करी के आरोप में पुलिस ने कार सवार दो लोगों को हिरासत में लिया है। बरामद शराब और कार समेत जब्त सामान की अनुमानित कीमत करीब 40 लाख 48 हजार रुपये बताई गई है।
जिला पुलिस कार्यालय नवलपरासी के सूचना अधिकारी डीएसपी मदन थापा के अनुसार, रविवार सुबह करीब आठ बजे पाल्हीनंदन गाउंपालिका-1 स्थित महेशपुर में पुलिस ने भारत से नेपाल की ओर आई एक संदिग्ध कार को रोककर जांच की। कार पर यूपी 32 यूटी 5689 नंबर दर्ज था। तलाशी के दौरान कार के अंदर छिपाकर रखी गई 274 बोतल ओल्ड मंक रम बरामद हुई। पुलिस के मुताबिक बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब पांच लाख 48 हजार रुपये है।
पुलिस के अनुसार, शराब तस्करी में इस्तेमाल की गई कार की अनुमानित कीमत करीब 35 लाख रुपये है। शराब और कार समेत जब्त सामान की कुल अनुमानित कीमत करीब 40 लाख 48 हजार रुपये आंकी गई है। नेपाल पुलिस ने बरामद शराब और भारतीय नंबर प्लेट वाली कार को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए महेशपुर भंसार कार्यालय को सौंप दिया है। हिरासत में लिए गए दोनों लोगों से पूछताछ की जा रही है।
डीएसपी मदन थापा ने बताया कि भारत से तस्करी कर नेपाल लाई गई कार से शराब बरामद हुई है और दो लोगों को हिरासत में लिया गया है। आरोपियों से पूछताछ कर शराब तस्करी से जुड़े नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है। सीमा क्षेत्र में अवैध तस्करी पर रोक लगाने के लिए नियमित जांच और निगरानी जारी है।