बीडीओ को प्रतिकूल प्रविष्टि, दो को नोटिस
प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को मजदूरी के भुगतान में देर पर हुई कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
महराजगंज। मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार अग्रवाल ने शुक्रवार को परतावल, पनियरा, फरेंदा और लक्ष्मीपुर ब्लॉक में प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत निर्माण और लाभार्थियों को मजदूरी के भुगतान में हुई प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने शौचालयों के निर्माण कार्य की भी समीक्षा की। इस दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को मजदूरी के भुगतान में लापरवाही मिलने पर उन्होंने परियोजना निदेशक को लक्ष्मीपुर ब्लॉक के बीडीओ को प्रतिकूल प्रविष्टि देने की हिदायत दी। इसके अलावा मजदूरी के भुगतान में लापरवाही पर दो रोजगार सेवकों और एक ग्राम पंचायत सचिव को नोटिस जारी कर जवाब तलब करने को भी कहा।
परियोजना निदेशक ग्राम्य विकास विभाग राज करन पाल ने बताया कि बैठक में सीडीओ ने 25 अप्रैल तक सभी अधूरे प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री आवासों के निर्माण कार्य पूरा कराने की हिदायत दी। उन्होंने बताया कि सभी बीडीओ को 30 अप्रैल तक इन योजनाओं के सभी लाभार्थियों को 90 दिन की मजदूरी का भुगतान करने को कहा गया है। उन्होंने बताया कि परतावल व पनियरा ब्लॉक में हुए कार्यों की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री आवास निर्माण में लापरवाही मिलने पर एडीओ पंचायत परतावल और पनियरा को कार्यप्रणाली में सुधार लाने की चेतावनी दी गई। इसके साथ ही मजदूरी के भुगतान में लापरवाही मिलने पर दो रोजगार सेवकों और एक ग्राम पंचायत सचिव को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब तलब किया गया है। उन्होंने बताया कि फोटो अपलोड करने में लापरवाही मिलने पर परतावल के ब्लॉक कोआर्डिनेटर का वेतन रोकने का निर्देश भी दिया गया है। बैठक में डीसी मनरेगा उपेंद्र प्रसाद पाल, डीसी एनआरएलएम रविंद्र वीर आदि भी मौजूद रहे।