होली शांतिपूर्वक संपन्न कराने को लगे 38 अधिकारी
19 जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ 19 उप निरीक्षकों की लगाई गई ड्यूटी
अमर उजाला ब्यूरो
महराजगंज। इस वर्ष होलिका दहन 20 मार्च एवं होली 21 मार्च को मनाई जानी है। होली शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाए जाने के लिए कुल 38 अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। इनमें 19 जिला स्तरीय अधिकारियों के अलावा 19 उप निरीक्षक शामिल हैं। सभी की ड्यूटी थानेवार लगाई गई है।
जिलाधिकारी अमरनाथ उपाध्याय ने बताया थानेवार लगाए गए सभी अधिकारी अपने क्षेत्र के उप जिलाधिकारी व क्षेत्राधिकारी के संपर्क में रहकर दायित्वों का निर्वहन करेंगे। डीएम ने कहा कि जिले का सदर कोतवाली व कोठीभार थाना क्षेत्र को अति संवेदनशील और पनियरा, घुघली, श्यामदेउरवां, चौक, ठूठीबारी, नौतनवां, परसामलिक, बरगदवां, सोनौली, फरेंदा, कोल्हुई, बृजमनगंज तथा पुरंदरपुर थाना क्षेत्र को संवेदनशील के रूप में चिह्नित किया गया है।
डीएम ने कहा कि पुरानी रंजिश में कुछ लोग अपराध कर बैठते हैं। पुलिस अधिकारियों को थानेवार रजिस्टर का अवलोकन कर पूर्व के प्रकरणों में उभय पक्षों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई कर पाबंद करने को कहा गया है। बताया कि होलिका दहन का चार्ट त्योहार के एक दिन पूर्व बनाकर उनके आयोजकों का उत्तरदायित्व निर्धारित करते हुए सुरक्षा के लिए ड्यूटी भी लगाने को कहा गया है।
एसपी रोहित सिंह सजवान ने बताया कि सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। जिले के सभी थानेदारों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा क्षेत्राधिकारी संबंधित क्षेत्रों में भ्रमण करते रहेंगे। अगर कहीं से कोई गड़बड़ी की सूचना मिली तो तुरंत कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी अमरनाथ उपाध्याय ने बताया कि होली के मद्देनर सभी चारो तहसीलों व जिला स्तर पर नियंत्रण कक्ष बनाए गए हैं। नियंत्रण कक्ष 20 मार्च से क्रियाशील कर दिए जाएंगे। सभी नियंत्रण कक्षों में तीन-तीन अधिकारियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। जो आठ-आठ घंटे शिफ्टवार ड्यूटी करेंगे। जिला स्तर पर स्थापित नियंत्रण कक्ष का नंबर 05523-222044 है। इस नियंत्रण कक्ष में श्रम प्रवर्तन अधिकारी, वरिष्ठ प्रवक्ता डायट तथा प्रभारी जिला उद्यान अधिकारी की ड्यूटी लगाई गई है। जिले में इस वर्ष 1162 स्थानों पर होलिका दहन होगा। होली शांतिपूर्ण ढंग से मनाए जाने के लिए प्रशासन और पुलिस की ओर से तैयारी तेज कर दी गई है। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की तरफ से जगह-जगह फ्लैग मार्च किए जा रहे हैं।
पुलिस प्रशासन की तरफ से होलिका दहन वाले 1162 स्थानों को चिह्नित किया गया है। कोतवाली थाना क्षेत्र में कुल 135 गांव हैं, जहां होलिका दहन होना है। कोतवाल राम दवन मौर्य ने बताया कि क्षेत्र के मऊपाकड़, अमरूतिया, स्टेट बैंक के सामने, बलिया पुल आदि स्थानों पर होलिका दहन होता है। होली शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पैदल गश्त की जा रही है। त्योहार में खलल डालने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।