मिल गेट पर गन्ना जलाकर प्रदर्शन किया
पूर्व सैनिक एवं कुछ गन्ना किसानों की भूख हड़ताल जारी
अमर उजाला ब्यूरो
ठूठीबारी। जेएचवी शुगर मिल गडौरा गेट पर रविवार को किसानों ने गन्ना जलाकर प्रदर्शन किया। सभी ने शासन-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। उधर, पूर्व सैनिक मनोज कुमार राणा 7 जनवरी व गन्ना किसान लल्लन साहनी, परमानंद चौधरी 8 जनवरी से भूख हड़ताल पर बैठे हैं। सभी लोगों का भूख हड़ताल जारी है।
रविवार को आंदोलन के 17 वें दिन क्षेत्र के गन्ना किसान सूख रहे गन्ने से दो दो गन्ना लेकर गडौरा चीनी मिल गेट पर पहुंचे। दोपहर तक बड़ी संख्या में किसान मिल गेट पर जमा हो गए। गन्ना किसानों ने प्रशासन व मिल मालिक के खिलाफ नारेबाजी कर घर से लाए गए गन्ने को जलाकर प्रदर्शन किया। साथ ही चीनी मिल चलाने एवं भुगतान दिलाने की मांग की।
पूर्वांचल चीनी मिल मजदूर यूनियन के अध्यक्ष डॉक्टर नवल किशोर मिश्रा ने कहा कि सरकार किसानों की अनदेखी कर रही है। सिसवां केन यूनियन चेयरमैन राजेश्वर तिवारी ने कहा कि धरना दे रहे गन्ना किसान मिल श्रमिकों का धैर्य जवाब दिया तो उग्र आंदोलन होगा। इस दौरान संजय कुशवाहा, अलाउद्दीन, सुनीता राना, संगीता थापा, उमा गुरुंग, आशीष थापा, निशा थापा, अंबरीष मिश्र, अंबरीष तिवारी, गजानंद मिश्र, रुद्रदेव दूबे, हरिशंकर यादव, शिशुपाल, जसवंत रौनियार, शारदा और लल्लन यादव आदि मौजूद थे।