मानवयुक्त रेलवे क्रासिंग बनवाने की मांग
पुरंदरपुर के लोगों ने जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
महराजगंज। पुरंदरपुर क्षेत्र के ग्रामीणों ने बृहस्पतिवार को जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर पुरंदरपुर रेलवे स्टेशन के उत्तर स्थित ढाला पर मानवयुक्त क्रासिंग बनवाने की मांग की। ग्रामीणों का आरोप था कि रेल प्रशासन रेल फाटक बंद कराने की योजना बना रहा है। अगर रेलवे फाटक बंद हो जाएगा तो ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
ग्रामीण रामउजागिर चौधरी ने कहा कि पुरंदरपुर क्षेत्र के रानीपुर, बड़हरा, कन्हई, मुड़िला, सेमरहनी, चंदनपुर, बरगदवां, रामसहाय, कवलदह, हरमंदिर, बढ़या, सुल्तानपुर तहसील फरेंदा व नौतनवां के तहत आने वाले कई गांवों के लोग इस ढाला के रास्ते आते जाते हैं। इस रास्ते से ग्रामीण ट्रैक्टर टाली, ट्रक, कंबाइन आदि लेकर भी आते जाते हैं। क्षेत्र के बच्चे भी इसी रास्ते से वाहनों व अन्य संसाधनों से स्कूल जाते हैं। यह सड़क गोरखपुर-सोनौली मार्ग से निकलकर सिर्द्धाथनगर बलरामपुर होते हुए बिहार प्रांत को भी जोड़ती है। उन्होंने लोगों की समस्याओं को देखते हुए मानवयुक्त क्रासिंग बनवाने की मांग की। इस मौके पर भारतीय किसान यूनियन के अध्यक्ष सुरेश चंद्र साहनी, मनमोहन चौधरी, जुगानी जायसवाल, विजयपाल, अमरदीप, अवध किशोर चौधरी, विजय बहादुर चौधरी, दिनेश, विनोद कुमार आदि मौजूद रहे।