आभूषण व अन्य सामान चोरी
भवन स्वामी मुंबई में फर्नीचर का काम करते हैं
अमर उजाला ब्यूरो
कोठीभार। थाना क्षेत्र के ग्रामसभा बीजापार खास में शुक्रवार की रात चोर घर का ताला तोड़कर आभूषण व अन्य कीमती सामान उठा ले गए। इस दौरान शौच के लिए जा रहे एक युवक पर चोरों ने हमला कर घायल भी कर दिया। भवन स्वामी परिजनों के साथ मुंबई में है। सूचना पर पहुंचे सिसवा नगर चौकी प्रभारी ने घटना स्थल पर पहुंचकर जांच पड़ताल की।
शनिवार को सुबह ग्राम बीजापार खास निवासी व मुंबई में फर्नीचर का काम करने वाले जगत विश्वकर्मा को गांव के किसी युवक ने उनके घर में चोरी होने की सूचना मोबाइल पर बात करके दी। बीते 6 सितंबर को जगत का पूरा परिवार घर में ताला बंद कर इलाज के लिए मुंबई चला गया था। इधर, घर में ताला लगा देख चोरों ने शुक्रवार की रात बगल के छत के रास्ते घर में घुस कर चोरी की घटना को अंजाम दिया। सूचना मिलने पर भवन स्वामी का भतीजा कन्हैया विश्वकर्मा ने जब घर के अंदर पहुंचकर देखा तो घर को पूरी तरह खंगाल लिया गया था। चोर बॉक्स में रखे डेढ़ लाख रुपये मूल्य के 15 अदद सोने व चांदी के आभूषण सहित घर में रखे अन्य कीमती सामान उठा ले गए थे। साथ ही बीमा पॉलिसी के प्रमाण पत्र, जमीन व बाइक के कागजात, बच्चों अंकपत्र को फाड़ दिया था। टेलीविजन तोड़ दिया गया। कन्हैया ने इसकी सूचना कोठीभार पुलिस को दी। इस दौरान गांव के ही हरेंद्र यादव (17) ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार की रात शौच के लिए जा रहा था। जब उक्त मकान के पास पहुंचा तो दो लोगों को चबूतरे पर बैठा देख पूछ लिया कि इतनी रात को वहां क्यों बैठे हैं। उसके बाद उन दोनों ने उस युवक पर हमला कर दिया। युवक ने वहां से किसी तरह भाग कर अपनी जान बचाई। दोनों हमलावरों ने अपने चेहरे पर रुमाल बांध रखा था। एसओ अरुण कुमार राय का कहना है कि घटना की जानकारी है। जांच की जा रही है। भवन स्वामी मुंबई से आने के बाद तहरीर देंगे। उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।