आयुष्मान भारत योजना: तीन लोगों के मिले गोल्डेन कॉर्ड
स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम को सफल बनाने की दिलाई शपथ
अमर उजाला ब्यूरो
महराजगंज। जिला अस्पताल में शनिवार को सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया ने आयुष्मान भारत योजना के तहत तीन लाभार्थियों को गोल्डेन कॉर्ड देकर योजना का शुभारंभ किया। वहीं, स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम के तहत लोगों को स्वच्छता के लिए शपथ दिलाई गई।
विधायक ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश की भाजपा सरकारें गरीबों के लिए कार्य कर रही हैं। गरीबों को स्वास्थ्य सुविधाएं देने के लिए 5 लाख तक का बीमा कॉर्ड दिया जा रहा है। इस कार्ड का प्रयोग कर लोग अपने व परिवार के लोगों का योजना के तहत नामित अस्पतालों में इलाज करा सकते हैं। उन्होंने बताया कि 15 सितंबर से 2 अक्टूबर तक स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम चलेगा। उन्होंने आह्वान किया कि इस दौरान लोग अपने घर, मुहल्ले, गांव में स्वच्छता की शुरूआत करें। उन्होंने स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक किया। सीएमओ डॉ. क्षमा शंकर पांडेय ने स्वच्छता से होने वाले लाभ के बारे में लोगों को जानकारी दी। इस मौके पर एसीएमओ डॉ. राजेंद्र प्रसाद, डॉ. आईए अंसारी, डॉ आरबी राम, डॉ. एके राय, जिला कार्यक्रम प्रबंधक नीरज सिंह, स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी श्रीभागवत सिंह व भाजपा के तमाम कार्यकर्ता मौजूद रहे।
इसी क्रम में पनियरा विधायक व प्राक्कलन समिति के सदस्य ज्ञानेंद्र सिंह ने परतावल सीएचसी में स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम के तहत स्वास्थ्य कर्मियों मरीजों और तीमारदारों को शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि साल में 100 घंटे, सप्ताह में दो घंटे स्वच्छता के लिए समय दें। जिससे जिले को स्वच्छ बनाए रखा जा सके। सीएचसी अधीक्षक डॉक्टर राकेश कुमार, स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी सुनीता पटेल आदि मौजूद रहीं।