महराजगंज। मंगलवार की भोर चार से करीब 10 बजे तक हुई झमाझम बारिश ने फरियादियों की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। अधिकांश फरियादी संपूर्ण समाधान दिवस पर तहसील पर नहीं पहुंच पाए। पहले संपूर्ण समाधान दिवस में करीब 300 फरियादी आते रहे, लेकिन आज मात्र 66 फरियादी ही पहुंच सके। सिर्फ चार फरियादियों की समस्याओं का मौके पर समाधान किया गया। उधर, देर से पहुंचने पर विद्युत निगम के एक्सईएन को डीएम ने कड़ी हिदायत दी।
सदर तहसील सभागार में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस पर दिन में करीब 11 बजे तक तो तीन-चार फरियादी ही नजर आए। 12 बारह बजे के बाद फरियादियों की संख्या में थोड़ा इजाफा हुआ। दो बजे तक 66 फरियादियों ने हाकिमों को अर्जी दी। यहां पर आए चार लोगों की समस्या का समाधान मौके पर किया गया। उम्मीद लेकर आए 62 फरियादियों को सिर्फ आश्वासन मिला। पौधरोपण, स्वच्छता में मिली सफलता पर डीएम ने अधिकारियों व कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना की। इस दौरान डीएम अमरनाथ उपाध्याय, एसपी आरपी सिंह, सीडीओ रामसिंहासन प्रेम, सीएमओ डॉ. क्षमा शंकर पांडेय, सीओ देवेंद्र कुमार, डीआईओएस अशोक कुमार सिंह आदि जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
निचलौल प्रतिनिधि के अनुसार तहसील सभागार में संपूर्ण समाधान दिवस में एसडीएम देवेंद्र कुमार ने लोगों की समस्याएं सुनीं। 48 मामलों में महज चार मामले निस्तारित हो सके। इस दौरान तहसीलदार राहुल देव भट्ट, थानाध्यक्ष हरेंद्र मिश्रा, बीडीओ दुर्योधन, खंड शिक्षाधिकारी अरविंद कुमार सिंह , सीएचसी अधीक्षक डॉ. डीएन सिंह आदि मौजूद रहे।
नौतनवां प्रतिनिधि के अनुसार तहसीलदार नरेश चंद्र की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कुल 67 मामले आए। राजस्व के पांच मामले का निस्तारण मौके पर किया गया। इस मौके पर क्षेत्राधिकारी डॉ. धर्मेंद्र कुमार यादव, नायब तहसीलदार रवि कुमार सिंह, एसडीओ विद्युत राजनरायण, रेंजर डीएन पाठक आदि मौजूद रहे। फरेंदा प्रतिनिधि के अनुसार संपूर्ण समाधान दिवस में एडीएम इंद्रभूषण वर्मा ने फरियादियों की शिकायतें सुनीं। इस दौरान आए 76 मामलों में दो का निस्तारण किया गया। संपूर्ण समाधान दिवस में बृजमनगंज के बचगंगपुर निवासी रामानुग्रह ने बिजली निगम के खिलाफ शिकायत करते हुए कहा कि बिना कनेक्शन लिए ही विभाग ने बिल भेज दिया है। सोनाबंदी के अचलगढ़ निवासी राजकुमारी, उग्रसेन व दुर्गेश प्रजापति सहित कई लोगों ने चकरोड व काली मंदिर पर जाने के लिए रास्ते में अवरोध करने की शिकायत की।