महराजगंज। जिले में समर्थन मूल्य योजना के तहत गेहूं खरीद के लिए जिलाधिकारी वीरेंद्र कुमार सिंह ने क्रय केंद्रों का निर्धारण कर दिया है। सात क्रय एजेंसियां पहली अप्रैल से 142 क्रय केंद्रों के माध्यम से गेहूं खरीद शुरु करेंगी। इन साल गेहूं का समर्थन मूल्य 1735 रुपये प्रति कुंतल निर्धारित है।
जिलाधिकारी ने समर्थन मूल्य योजना के तहत गेहूं खरीद शुरु करने से पहले क्रय केंद्रों पर सभी व्यवस्था पूरा करने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि हर क्रय केंद्र पर झरना, पंखा, इलेक्ट्रानिक कांटा, पैसा, बोरा तथा किसानों के लिए अन्य सुविधाओं को बेहतर इंतजाम करने का निर्देश दिया है।
जिला खाद्य विपणन अधिकारी अजीत कुमार त्रिपाठी ने बताया कि इन साल करीब एक लाख 49 हजार 387 हेक्टेअर क्षेत्रफल में गेहूं की बुआई की गई है। जिससे गेहूं का संभावित उत्पादन करीब पांच लाख 28 हजार 818 एमटी बताया जा रहा है। मगर उत्पादन की सही उत्पादन गेहूं की क्राप कटिंग के बाद ही मिल सकता है।
उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी ने जिन सात क्रय एजेंसियों के केंद्रों की मंजूरी दी है ,उनमें पीसीएफ के 93, कर्मचारी कल्याण निगम के 8, यूपी एग्रो के तीन, एनसीसीएफ (भारतीय राष्ट्रीय उपभोक्ता सहकारी फेडरेशन ) के आठ, भारतीय खाद्य निगम के तीन, पीसीयू के 15, खाद्य विभाग के 12 क्रय केंद्र हैं।
चार मंडी समितियों में खुले 12 क्रय केंद्र
डिप्टी आरएमओ अजीत कुमार त्रिपाठी ने बताया कि इन साल चारों मंडी समितियों परतावल, फरेंदा, निचलौल व नौतनवां में विभिन्न क्रय एजेंसियों के कुल 12 क्रय केंद्र खोले जाएंगे, जिसकी मंजूरी डीएम स्तर से मिल गई है। जिले में सक्रिय 93 साधन सहकारी समितियों को भी पीसीएफ का क्रय केंद्र खोला जाएगा। इसकी तैयारी जोरों पर है।