महराजगंज। सिसवा कस्बे के नौका टोला निवासी एक 55 वर्षीय व्यक्ति ने सोमवार को दिन में एक बजे पारिवारिक कलह से तंग आकर खुद पर मिट्टी का तेल छिड़क कर आग लगा लिया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
कस्बे के नौका टोला मुहल्ला निवासी राम आधार कन्नौजिया व उनकी पत्नी लौंगा देवी घर पर अकेले ही रहते थे। उनकी एक ही संतान 32 वर्षीय मोनिका है। जिसकी शादी काफी पहले राम आधार ने गोरखपुर में कर दिया था। बकरी पालन कर वे अपना गुजर बसर कर रहे थे। सोमवार की सुबह जमीन के किसी प्रकरण को लेकर दोनों पति पत्नी में जमकर झगड़ा हुआ। झगड़े के बाद लौंगा देवी बकरियों को चारा खिलाने के लिए खेत की तरफ लेकर चली गई। इसी बीच रामाधार ने घर का दरवाजा बंद कर अपने ऊपर मिट्टी का तेल गिरा कर खुद को आग लगा लिया। इससे रामअधार की जलकर मौके पर ही मौत हो गई। घर के अंदर से धुआं निकलते देख पड़ोसी दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे लेकिन तब तक सब कुछ जल चुका था। मौके पर पहुंची कोठीभार पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस मामले में थानाध्यक्ष कोठीभार मनीष कुमार सिंह ने बताया प्रकरण आत्महत्या का है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।