महराजगंज। अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी की पत्नी की ओर से मुकदमा दर्ज कराए जाने से नाराज अखिल भारतीय मदरसा आधुनिकीकरण शिक्षक संघ के जिला पदाधिकारियों ने मंगलवार को डीएम को ज्ञापन देकर मामले की उच्चस्तरीय जांच करने की मांग की। मदरसा शिक्षकों के साथ नौतनवां विधायक अमन मणि त्रिपाठी और पूर्व मंत्री श्यामनारायण तिवारी भी डीएम से मिलने पहुंचे। विधायक अमन मणि त्रिपाठी ने भी मदरसा शिक्षकों के मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की। उन्होंने मदरसा शिक्षकों को भरोसा दिया कि उनके साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।
संगठन के जिलाध्यक्ष आफताब आलम ने कहा कि भारतीय आधुनिक शिक्षक संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष की ओर से घोषित कार्यक्रम के तहत शिक्षक दिवस पर प्रदेश के समस्त शिक्षक जिला मुख्यालय पर लोकतांत्रिक रूप से काली पट्टी बांधकर काला दिवस मनाया गया। यह कार्यक्रम जिले में 11 बजे 4 बजे तक चला। इतना ही नहीं, इस कार्यक्रम में लगभग दो बजे उपजिलाधिकारी सदर ने धरना स्थल पर ज्ञापन भी लिया था। यह ज्ञापन जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी के विरोध में था। इसके कारण जिला अल्पसंख्यक अधिकारी ने अपनी पत्नी से गलत तरीके से कोतवाली में तहरीर दिलवाकर आधुनिक शिक्षकों पर केस दर्ज करा दिया है। जबकि एक भी आधुनिक शिक्षक न तो धरना स्थल छोड़कर अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी के कार्यालय गया और न ही आवास पर। उन्होंने कहा कि मामले का उच्चस्तरीय टीम से जांच कराने की मांग की है। इस मौके पर तमाम मदरसा शिक्षक मौजूद रहे।