परसामलिक। सीमावर्ती गांव सेवतरी में सोमवार देर शाम गेहूं तस्करी की सूचना पर प्रशासन और सुरक्षा बलों ने संयुक्त कार्रवाई की। इस दौरान 206 बोरी गेहूं बरामद कर आगे की कार्रवाई के लिए नवीन मंडी समिति को सौंपा गया। छापेमारी से तस्करों में हड़कंप मच गया।
उपजिलाधिकारी नवीन प्रसाद के नेतृत्व में नायब तहसीलदार सौरभ श्रीवास्तव, एसएसबी, और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने सेवतरी गांव में छापेमारी की। सूचना मिली थी कि गांव में विभिन्न स्थानों पर तस्करी के लिए गेहूं छिपाया गया है। टीम ने अलग-अलग ठिकानों से 206 बोरी गेहूं बरामद किया। तस्कर मौके से फरार हो गए। उपजिलाधिकारी नवीन प्रसाद ने बताया कि 206 बोरी गेहूं बरामद कर नवीन मंडी समिति को सौंपा गया है। सीमावर्ती क्षेत्रों में तस्करी पर नकेल कसने के लिए प्रशासन सतर्क है।