ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत
- फोटो : अमर उजाला
महराजगंज। गोरखपुर - गोंडा रेल खंड के लेहड़ा स्टेशन पर शनिवार की रात बेटे का मुंडन कराने सपरिवार पाटन देवी जा रहा युवक मां को चढ़ाते वक्त अचानक ट्रेन चल देने से गिर कर उसकी चपेट में आ गया। ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि मां गिर कर घायल हो गईं। लोगों ने इसकी सूचना आरपीएफ को दी। आरपीएफ ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बुद्धिराम (35) पुत्र त्रिलोकी निवासी ग्रामसभा लेहड़ा टोला मुरादपुर सपरिवार बेटे रितेश (11 माह) का मुंडन कराने पाटन देवी जा रहे थे। लेहड़ा स्टेशन पर शनिवार की रात लगभग 12.25 बजे ट्रेन आने पर बुद्धिराम सबको ट्रेन में चढ़ाने लगे। तब तक ट्रेन चल पड़ी। अपनी मां सुकिया देवी को ट्रेन में चढ़ाते समय झटका लगते ही वह गिर पडे़। उनकी मां उनके ऊपर गिर पड़ीं और बुद्धिराम ट्रेन के नीचे आ गए। जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई जबकि उनकी मां प्लेटफार्म पर जा गिरीं, जिससे वह भी घायल हो गईं। जब हो हल्ला हुआ तो ट्रेन थोड़ा आगे जाने पर रुक गई। ग्रामीणों ने बताया कि मृतक की पत्नी को पहले भी एक बेटा पैदा हुआ था, लेकिन उसकी मृत्यु हो गई थी। बड़ी मनौती के बाद फिर लड़का पैदा हुआ था। उसका मुंडन कराने पाटन देवी जा रहे थे। हंसते खेलते परिवार पर विपत्ति का पहाड़ टूट पड़ा। मृतक की पत्नी किसलावती देवी रोते-रोते बेहोश हो जा रही थीं। मृतक की मां सुकिया देवी का भी रो - रोकर बुरा हाल है।
घटना के बाद मौके पर आरपीएफ कांस्टेबल विवेक सिंह, वीरेंद्र कुमार, बृजमनगंज थाने के एसआई कुबेर तिवारी, कांस्टेबल रामनेवास, विंध्याचल, दिनेश यादव, प्रदीप सिंह पहुंचे। रविवार को सुबह मृतक के घर लेहड़ा टोला मुरादपुर में विधायक बजरंग बहादुर सिंह, हरिश्चंद्र सोनकर, ग्राम प्रधान रमाशंकर यादव, जिला पंचायत सदस्य जितेंद्र शर्मा, जेपी गोंड, रामप्रकाश, भुलई प्रसाद, उदयराज पहुंचे और परिवार वालों को ढांढस बंधाया।