महराजगंज। निकाय चुनाव की घोषणा के बाद अभी नामांकन की प्रक्रिया भले ही शुरू नहीं हो पाई है लेकिन नगर पंचायत आनंद नगर के अध्यक्ष व वार्ड सभासद पद के दावेदारों ने संपर्क अभियान शुरू कर दिया है। इस नगर पंचायत के 11 वार्डों में कुल 7932 मतदाता हैं जो चुनाव में भागीदारी करने वालों के भाग्य का फैसला करेंगे। हालांकि प्रमुख राजनीतिक दलों ने अभी प्रत्याशियों के नाम की घोषणा नहीं की है।
आनंदनगर पंचायत का गठन 16 जनवरी 1979 को हुआ था। गठन के नौ साल तक प्रशासक के रूप में जिलाधिकारी एवं उपजिलाधिकारी कार्य करते रहे। यहां पहली बार अध्यक्ष का चुनाव का 1988 में हुआ। जिसमें जयप्रकाश लाल को नगर पंचायत का पहला चेयरमैन बनने का गौरव प्राप्त हुआ। वह एक दिस्बंर 1988 से 20 जनवरी 1994 तक इस पद रहे। इसके बाद विभूति राम गुप्त एक दिसबंर 1995 से 30 नवंबर 2000 तक अध्यक्ष की कुर्सी पर काबिज रहे। नगर पंचायत के तीसरे अध्यक्ष के रूप महिला खातून चुनी गईं थीं। वह एक दिसंबर 2000 से 30 नवबंर 2005 तक इस पद पर काबिज रहीं। चौथे अध्यक्ष अशोक जायसवाल थे। जो एक दिसंबर 2006 से 30 नवंबर 2011 तक इस पद पर थे। पांचवें अध्यक्ष के रूप में 18 जुलाई 2012 से 29 जुलाई 2019 तक विनोद कुमार गुप्त काबिज रहे।
उधर, नगर पंचायत में इस बार मतदाताओं के संख्या में कुछ वृद्धि हुई है। जिसमें 1065 नए मतदाता बने हैं वहीं 326 नाम सूची से हटाये गए हैं। आनंदनगर के 11 वार्डों पर नजर डालें तो वार्ड नंबर एक अंबेडकरनगर में 647 मतदाता हैं। जिसमें 280 महिला व 367 पुरुष मतदाता हैं। वार्ड नंबर दो लालाटोला में 666 मतदाता हैं जिसमें 316 महिला व 350 पुरुष मतदाता शामिल हैं। वार्ड नंबर तीन विकासनगर में दो बूथ बनाए गए हैं, जिसमें प्रथम बूथ पर 543 मतदाता हैं। इसमें 260 महिला व 283 पुरुष मतदाता हैं जबकि दूसरे बूथ के कुल 574 मतदाताओं में 231 महिला व 343 पुरुष मतदाता शामिल हैं। वार्ड नंबर चार चौरहिया गोला में मतदाताओं की संख्या सबसे ज्यादा 992 मतदाता हैं। जिसमें 461 महिला व 531 पुरुष मतदाता हैं। वार्ड नंबर पांच सुभाषनगर में मतदाताओं की संख्या कम है। यहां कुल 422 मतदाताओं मेें 199 महिला व 223 पुरुष मतदाता शामिल हैं। वार्ड नंबर छह सिविल लाइन में 863 मतदाता हैं, जिसमें 392 महिला व 471 पुरुष हैं। वार्ड नंबर सात लोहिया मार्केट के 556 मतदाताओं में 281 महिला व 275 पुरुष मतदाता शामिल हैं। वार्ड नंबर आठ रहमान मार्केट के 592 मतदाताओं में 279 महिला व 313 पुरुष, वार्ड नंबर नौ शास्त्री नगर के 743 मतदाताओं में 347 महिला व 396 पुरुष तथा वार्ड नंबर 10 मिल कालोनी के 589 मतदाताओं में 293 महिला व 296 पुरुष मतदाता शामिल हैं। इसके अलावा वार्ड नंबर 11 फत्तूमल टोला के कुल 745 मतदाताओं 352 महिला व 393 पुरुष मतदाता शामिल हैं।