महराजगंज/पुरंदरपुर। शुक्रवार को सुबह करीब सात बजे पुरंदरपुर थाना क्षेत्र के अगया गांव में जमीन संबंधी विवाद में हुई मारपीट में एक शख्स की हत्या कर दी गई। मारपीट की इस घटना में मृतक की पत्नी बेटे, भतीजा व भतीजी घायल हो गए। इस घटना के बाद हत्या के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर लोगों ने सोनौली-गोरखपुर हाईवे पुरंदरपुर थाने के सामने जाम कर दिया गया। मौके पर पहुंचे एएसपी आशुतोष शुक्ला के समझाने पर लोग माने और मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई शुरू हुई। कुछ देर बाद पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ हत्या समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। इसके साथ ही पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास में जुट गई। इस मामले को लेकर तनाव को देखते हुए अगया गांव में पांच थानों की पुलिस तैनात की गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
अगया गांव के रहने वाले राजाराम यादव (48) का गांव में चकरोड के पास घर है। आरोप है कि शुक्रवार को पड़ोसी राजाराम चौहान चक रोड की जमीन के कुछ हिस्से पर नींव खोदकर कब्जा की कोशिश करने लगे। इसका राजाराम यादव के परिवार ने विरोध किया तो विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर मारपीट हो गई। मारपीट के दौरान ही राजाराम यादव को छड़ से बने भाले के वार से हत्या हो गई। वहीं, मृतक की पत्नी कमलावती (42), बेटा उग्रीव उर्फ उग्रसेन (21) , भतीजा पतेलु (13) पुत्र स्व. बनवारी व भतीजी रूपा (09) पुत्री स्व. बनवारी को दौड़ा दौड़ा कर मारा पीटा गया। जिससे सभी गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायल सीएचसी बनकटी में भर्ती कराए गए हैं। जहां उनका इलाज चल रहा है। घटना से नाराज गांव के लोगों ने पुरंदरपुर थाने के सामने सोनौली-गोरखपुर हाईवे जाम कर दिया। मौके पर पहुंचे एएसपी आशुतोष शुक्ला और कोल्हुई, नौतनवां, परसामलिक, फरेन्दा, चौक थाने की पुलिस ने लोगों को समझा बुझाकर शांत कराया। मृतक के बेटे उग्रीव उर्फ उग्रसेन की तहरीर पर राजाराम चौहान उर्फ घूरे पुत्र गुन्नी चौहान, नीलेश पुत्र राजाराम, कमलेश पुत्र राजाराम, सुशीला पत्नी राजाराम, नरेंद्र नाथ यादव पुत्र जगत नरायन पूर्व ग्राम प्रधान, मनोज पुत्र विश्वंभर निवासी अगया के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है। एसओ पुरन्दरपुर राजेश वर्मा ने कहा कि हत्यारोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी का प्रयास किया जाएगा। एएसपी आशुतोष शुक्ला ने बताया कि हत्या के इस मामले में छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के साथ ही पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है। गांव में स्थिति नियंत्रण में है।