महराजगंज। कोतवाली थाना क्षेत्र के बेलवां बुजुर्ग गांव की रहने वाली सुशीला की बीते सात अक्टूबर को मौत हो गई। सुशीला आशा वर्कर थीं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप का लगाते हुए सास, ससुर, ननद और एक रिश्तेदार के खिलाफ कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। मृतका का पति देवेंद्र सऊदी अरब में कार्य करता है। इस समय वह वहीं पर है। सुशीला के मौत की सूचना उसे दे दी गई।
रविवार को जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम हाउस पर मृतका के पिता रामभवन परिजनों के साथ पहुंचे। वह लखिमा थरूआ टोला लुकपुरवां के रहने वाले हैं। इनका आरोप है कि बेटी सुशीला को उसके ससुराल पक्ष के लोग दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे। बीते 7 अक्टूबर को उसकी मौत हो गई। जिला अस्पताल परिसर में स्थित पोस्टमार्टम हाउस पर रोते हुए रामभवन ने बेटी के ससुराल वालों के खिलाफ तमाम संगीन आरोप लगाया। मृतका का पति देवेंद्र सऊदी अरब में हैं। उस पर भी सुशीला को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया गया है। मायके वालों ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। वर्ष 2015 में सुशीला की शादी हुई थी। उसका एक बेटा अजित डेढ़ साल का है। मृतका की मां उर्मिला देवी का रो- रोकर बुरा हाल है। मृतका के पिता मुताबिक सुशीला को प्रताड़ित करने के मामले को लेकर एक बार पंचायत भी हुई थी। रिश्तेदारों और गणमान्य लोगों के हस्तक्षेप के बाद उस वक्त मामला शांत हुआ। लेकिन बीते वर्ष से फिर से प्रताड़ित करने का क्रम शुरू हो गया। वहीं ससुराल वालों ने आरोपों को बेबुनियाद करार दिया है।
कोतवाल सदर रामदवन मौर्य का कहना है कि इस मामले में तहरीर मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा। सास, ससुर, पति ननद व अन्य के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर विवेचना की जा रही है।