नौतनवां। नगर में हो रही अघोषित बिजली कटौती और लो वोल्टेज के कारण मंगलवार महेन्द्रनगर वार्ड का नागरिकों का गुस्सा फूट पड़ा। बिजली कटौती से नाराज वार्ड की महिलायें एवं पुरुषों ने कस्टम कार्यालय के सामने लगभग एक घंटे तक नगर की मुख्य सड़क को जाम कर प्रदर्शन किया और बिजली विभाग के खिलाफ नारे लगाये। वहीं मौके पर पहुंची पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझा बुझाकर जाम खत्म कराया। प्रदर्शन कर रहे महेंद्रनगर वार्ड के नागरिकों का कहना था कि प्रदेश की सरकार ने तहसील मुख्यालय पर अट्ठारह से बीस घंटे बिजली देने का आदेश जारी किया है। लेकिन नगर में कई महीनों से बिजली की अघोषित कटौती जारी है। अगर कभी बिजली आती है तो वोल्टेज इतना लो रहता है कि बिजली से चलने वाले उपकरण ठप पड़े रहते हैं। इस भीषण गर्मी में बिजली कटौती और लो वोल्टेज से लोगों को जीवन बेहाल हो गया है। बीते दो दिनों से वार्ड में फाल्ट के कारण ज्यादातर घरों की बिजली गुल थी। इसके बारे में बिजली विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों से कई बार शिकायत की गई। लेकिन अभी तक बिजली व्यवस्था बहाल करने की कोई कार्रवाई नही की गई। इसके कारण वह लोग सड़क पर उतरकर प्रदर्शन के लिए बाध्य हुए। वहीं जाम की सूचना पाकर तहसील दिवस में मौजूद कई थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गयी। इसके बाद नौतनवां एसओ श्रीधर पाठक ने प्रदर्शन कर रहे नागरिकों की समस्या जानी और बिजली एसडीओ राजनरायन से वार्ता कर दो घंटे के भीतर बिजली सप्लाई बहाल कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद जाम समाप्त हुआ। वही वार्ड के नागरिकों ने सभासद प्रतिनिधि पप्पू जायसवाल के नेतृत्व में एसडीएम विक्रम सिंह को एक ज्ञापन सौंपकर बिजली व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की। इस दौरान गिरिजा देवी, सुमित्रा थापा, कमला थापा, रहमत अली, संजय मौर्या, मुहम्मद फिरोज, अनिल कसौधन, लल्लन जायसवाल, भुल्लुर गौड़, सरस्वती देवी, प्रदीप गुप्ता, संजय तिवारी, अमितेश पांडेय, आकाश गौड़, परशुराम विश्वकर्मा, संजय सिंह मौजूद रहे।
बेहिसाब कटौती से नगरवासी परेशान
विद्युत आपूर्ति व्यवस्था में सुधार के लिए आंदोलन की चेतावनी
अमर उजाला ब्यूरो
सिसवा बाजार। शासन के आदेश के बावजूद सिसवा नगर की विद्युत व्यवस्था सुधरने का नाम नहीं ले रही है। इस उमस भरी भीषण गर्मी से लोग परेशान हैं। शिकायत करने के बावजूद भी विद्युत विभाग सुध नहीं ले रहा है। इसे लेकर नगरवासियों तथा क्षेत्र के लोगों में काफी आक्रोश व्याप्त है।
नगर में बिजली का कोई शेड्यूल नहीं है। बिजली कब आएगी और कब चली जाएगी इसका कोई निश्चित समय नहीं है। रात में करीब 11 बजे बिजली काट दी जाती है। दिन में भी यही हाल है। बार-बार बिजली कटती रहती है। इससे लोग आजिज आ गए हैं। उपभोक्ताओं द्वारा इसकी शिकायत बार-बार विभागीय अधकारियों से की जाती है मगर कोई सुनवाई नहीं होती है। नगर तथा क्षेत्र में फाल्ट होने के बाद शिकायत दर्ज कराने पर भी कर्मचारी उसे अपने मनमाने तरीके से ठीक करते हैं। नगर के संतोष यादव, बैजनाथ यादव, सलीम खान, मैनुद्दीन, सुरेश, कुलदीप, सुलेखा, तेतरी, जुबैदा खातून, क्षेत्र के ग्राम सभा बीजापार निवासी रामवृक्ष, संतोष, गोविंद, अली हुसैन, सनवर, मालती, विंदु, रुबीना, ग्राम सभा गेरमा निवासी, अख्तर, जब्बार, हाफिज, भगवती, बाबूराम, सोनमती, बसंती, यशोदा, ग्राम सभा भुजौली निवासी द्वारिका, दीपक, रघुवर, पारस, सुनील आदि ने कहा है कि विद्युत कटौती से सभी लोग परेशान हैं। उमस व बेचैन कर देने वाली इस गर्मी में रात जाग कर तथा सड़कों पर टहल कर गुजारनी पड़ रही है। शिकायत के बाद भी व्यवस्था में कोई बदलाव या सुधार नजर नहीं किया जा रहा है। यदि जल्द ही व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो हम सब एकत्र जोकर विद्युत उपकेंद्र पर आंदोलन करेंगे।
इस संदर्भ में जेई इरफानुल्लाह अंसारी ने बताया कि शेड्यूल के हिसाब से विद्युत आपूर्ति की जा रही है, इसमें कोई कोताही नहीं बरती जा रही है। इमरजेंसी रोस्टरिंग की वजह से कटौती की जाती है। इसके बारे में अधिकारियों को अवगत कराया जा चुका है।