- मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता वाली समिति ने भारांक वाले शिक्षकों के साक्ष्यों का किया सत्यापन
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। बिना भारांक वाले व पति-पत्नी के लाभ वाले कुल 20 शिक्षकों को रविवार की शाम को कार्यमुक्त कर दिया गया। मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता वाली समिति ने विकास भवन सभाकक्ष में भारांक वाले शिक्षकों के साक्ष्यों का सत्यापन किया। 69 हजार शिक्षक भर्ती वाले शिक्षकों को छोड़कर शेष शिक्षकों को सोमवार से कार्यमुक्त किया जाएगा।
अंतर जनपदीय स्थानांतरण के क्रम में जिले में विभिन्न शिक्षक भर्तियों में चयनित कुल 1368 शिक्षकों ने आवेदन किया था। शासन स्तर से कुल 436 शिक्षकों के स्थानांतरण की सूची जारी की गई थी। इसमें से बिना भारांक वाले 127 शिक्षक व शेष 309 भारांक वाले शिक्षक थे। भारांक वाले शिक्षकों के भारांक संबंधी साक्ष्यों का रविवार को विकास भवन सभाकक्ष में मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार राय की अध्यक्षता वाली समिति के समक्ष सत्यापन किया गया। पति-पत्नी के लाभ वाले व बिना भारांक 20 शिक्षकों को रविवार की शाम को कार्यमुक्त कर दिया गया। शेष की कार्यमुक्ति सोमवार को होगी।
69 हजार शिक्षक भर्ती के शिक्षकों को निराशा
शासन के एक निर्देश के क्रम में 69 हजार शिक्षक भर्ती के तहत चयनित व आवेदन करने वाले शिक्षकों के स्थानांतरण पर रोक लगा दी गई है। सूची में नाम आने के बाद स्थानांतरण पर प्रभावित शिक्षकों को काफी निराशा हुई है।
बिना भारांक व पति-पत्नी के लाभ वाले कुल 20 शिक्षकों को रविवार की शाम को कार्यमुक्त कर दिया गया है। 69 हजार शिक्षक भर्ती वाले शिक्षकों को छोड़कर पात्र मिले शेष सभी शिक्षकों को सोमवार को कार्यमुक्त कर दिया जाएगा।
श्रवण कुमार गुप्ता, बीएसए