आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा अस्पताल, 24 घंटे ऑक्सीजन की रहेगी उपलब्धता
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। खुटहा क्षेत्र के लोगों के लिए अच्छी खबर है। शासन की ओर से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रम्हौली में छह बेड के कोविड अस्पताल के निर्माण की मंजूरी मिली है। अस्पताल का निर्माण कार्य शुरू हो गया है।
बुधवार को जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. केपी सिंह ने स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों के साथ मौके पर पहुंचकर जमीन का चिह्नांकन कराया। उन्होंने नींव खोदकर अस्पताल के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।
उन्होंने बताया कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रम्हौली में अतिरिक्त छह बेड के कोविड अस्पताल का प्रस्ताव भेजा गया था। इसे शासन ने मंजूरी दी है। कोविड अस्पताल बनने से क्षेत्र के लोगों को इमरजेंसी सुविधाएं आसानी से मिल सकेंगी। इसके साथ ही अस्पताल में 24 घंटे ऑक्सीजन की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
इस मौके पर टीकाकरण नोडल डॉ. शमसुल, आनंदपाल चौधरी, दीनानाथ यादव, विजयलक्ष्मी तिवारी, अविनाश आदि मौजूद रहे।
अस्पताल बनने से 40 हजार की आबादी को मिलेगा लाभ
सदर ब्लॉक के रम्हौली स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में शासन की ओर से छह बेड के कोविड अस्पताल के निर्माण की मंजूरी मिलने के बाद बुधवार को कार्य भी प्रारंभ हो गया। कोविड अस्पताल बनने से रम्हौली, पकड़ी, खुटहा, पिपरा रसूलपुर, चेहरी, महुअवा, बरवा फहीम, सिंहपुर, दुबौली सहित दर्जनों गांव के 40 हजार की आबादी के लोगों को लाभ मिलेगा।
24 घंटे इमरजेंसी केयर की रहेगी उपलब्धता
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. केपी सिंह ने बताया कि छह बेड के कोविड अस्पताल बनने से क्षेत्रीय जनता को बहुत लाभ मिलेगा। अस्पताल में आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। इसके साथ ही 25 घंटे इमरजेंसी केयर की भी उपलब्धता रहेगी। कोविड, खून, शुगर, हीमोग्लोबिन की निशुल्क जांच होगी।