वाहन जांच करने के दौरान पकड़े गए आरोपी
संवाद न्यूज एजेंसी
निचलौल। थाना क्षेत्र के निचलौल-झुलनीपुर नहर मार्ग पर अमड़ी पुल के पास वाहन जांच के दौरान पुलिस ने चोरी की तीन बाइकें, चाकू और नकदी के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया। उसके बाद पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई कर चालान कर दिया है।
थाना प्रभारी निरीक्षक ने कहा कि भारत-नेपाल बॉर्डर से सटे पुलिस टीम अमड़ी पुल के पास वाहन जांच कर रही थी। इसी बीच दो बाइक सवार निचलौल से बॉर्डर की ओर जाते दिखे। जिन्हें संदिग्ध दिखने पर पुलिस दोनों युवकों को रोककर जांच की तो पता चला कि दोनों बाइक सवार युवक निचलौल शहर से बाइक की चोरी कर नेपाल ले जा रहे हैं।
सख्ती से पूछताछ करने और तलाशी लेने पर आरोपी युवक विशाल और अरलेश निवासी पिपराकाजी टोला कपिया के पास से चोरी की तीन बाइकें, एक चाकू और नकदी बरामद की गई। दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर चालान कर दिया गया है।
विशाल पर पांच बार दर्ज हो चुका है चोरी का केस
पुलिस के मुताबिक बाइक चोरी और चाकू के साथ गिरफ्तार आरोपी विशाल शातिर चोर है। विशाल के खिलाफ पूर्व में भी थाने में पांच बार चोरी के विभिन्न मामले में केस दर्ज किया जा चुका हैं। दूसरे आरोपी अरलेश के खिलाफ दूसरी बार चोरी का केस दर्ज किया गया है।