बीएसए के निरीक्षण में खुली शिक्षा व्यवस्था की पोल
लापरवाही बरतने पर शिक्षकों और शिक्षामित्रों पर की गई कार्रवाई
बीएसए ने किया सदर व घुघली में परिषदीय स्कूलों का निरीक्षण
अमर उजाला ब्यूरो
महराजगंज। बीएसए जगदीश शुक्ला ने शनिवार को सदर व घुघली विकास खंड के कई परिषदीय स्कूलों का निरीक्षण किया। लापरवाही बरतने पर एक सहायक शिक्षिका का वेतन व दो शिक्षामित्रों का मानदेय बाधित किया है। उन्होंने बताया कि सदर क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय सराय खुटहां का निरीक्षण में शिक्षा मित्र सपना बिना सूचना के अनुपस्थित रहीं। इनका एक दिन का मानदेय काटने का निर्देश दिया। सहायक अध्यापिका प्रीती उपस्थित मिलीं, शीतल सिंह सहायक अध्यापिका प्रसूता अवकाश पर थीं।
प्राथमिक विद्यालय रामपुर बुजुर्ग के निरीक्षण के दौरान सहायक अध्यापक सबाना खातून कमरे में बैठी थीं। दो शिक्षामित्र एक कमरे में बैठे थे। शिक्षा मित्र टीईटी परीक्षा से संबंधित पुस्तक की पढ़ाई कर रहे थे। स्कूल के बच्चे परिसर में घूम रहे थे। शिक्ष मित्र व सहायक अध्यापक का कोई ध्यान बच्चों पर नहीं था। दायित्व निर्वहन में लापरवाह पाए जाने पर सहायक अध्यापिका सबाना खातून का वेतन व दोनों शिक्षामित्रों का मानदेय बाधित करने का निर्देश दिया। घुघली विकास खंड के पूर्व माध्यमिक विद्यालय बरवां खुर्द के निरीक्षण में स्कूल में कार्यरत अनुदेशक देवानंद अनुपस्थित रहे। विद्यालय में साफ-सफाई की स्थित खराब मिली, छात्रों की उपस्थिति ठीक नहीं मिली। उन्होंने शिक्षकों व शिक्षामित्रों को सुधार लाने का निर्देश दिया है।
बर्खास्त हुए शिक्षक से रिकवरी का आदेश
महराजगंज। बीएसए जगदीश शुक्ला ने बताया कि परतावल विकास खंड के प्राथमिक विद्यालय परतावल प्रथम में कार्यरत अध्यापक कृष्ण कांत सिंह के प्रमाण पत्र फर्जी मिले थे। शिक्षक की सेवा समाप्त कर दी गई थी। अब उनके वेतन भुगतान की रिकवरी का आदेश दिया गया है। खंड शिक्षा अधिकारी परतावल को संबंधित के खिलाफ प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज करने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने बताया कि खंड शिक्षा अधिकारी द्वारा जांच आख्या दी गई थी। जांच आख्या के अनुसार लक्ष्मीपुर विकास क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय सोनराडीह शिक्षक लवकुश को दायित्व के प्रति लापरवाह पाये जाने पर निलंबित कर दिया गया है। जांच के लिए खंड शिक्षा अधिकारी परतवाल को नामित किया है।