महराजगंज। परसामलिक थाना क्षेत्र के महरी गांव के पास जयमाता दी फूड्स राइस मिल पर सरकारी बोरे में गेहूं खरीद के मामले में पीसीएफ के प्रबंध निदेशक ने जिला प्रबंधक जेबी सिंह को निलंबित कर दिया है। उधर, डीएम ने एआर कोऑपरेटिव और एसडीएम नौतनवां को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। मंडी सचिव परतावल को भी नोटिस जारी किया गया है।
पीसीएफ के प्रबंध निदेशक प्रमोद कुमार उपाध्याय ने जिला प्रबंधक को प्रथम दृष्टया दोषी माना है और उन्हें निलंबित कर दिया है। निलंबन के दौरान जिला प्रबंधक मुख्यालय से संबद्ध रहेंगे। मामले की जांच की जिम्मेदारी पीसीएफ के क्षेत्रीय प्रबंधक को सौंपी गई है। प्रबंधक निदेशक की ओर से जारी पत्र में गड़बड़ी का उल्लेख करते हुए कहा गया है कि अगर आरोप सिद्ध हुआ तो प्रबंधक को पद से हटाया जा सकता है। उधर, एसडीएम सदर मदन कुमार ने बताया कि बुधवार की रात पनियरा थाना क्षेत्र में धनखरी राइस मिल पर हुई कार्रवाई में आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया गया है। उनकी गिरफ्तारी की कोशिश जारी है। राइस मिल पर बोरा कैसे पहुंचा, इसकी जांच की जा रही है।
डीएम अमरनाथ उपाध्याय ने बताया कि महरी गांव में राइस मिल मामले में एआर कोऑपरेटिव और एसडीएम नौतनवां को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। धनखरी राइस मिल मामले में मंडी सचिव परतावल बलराम सिंह और एआर कोऑपरेटिव को भी कारण बताओ नोटिस जारी हुआ है। मामले की विवेचना कर रहे थानाध्यक्ष परसामलिक आनंद कुमार गुप्ता ने बताया कि गेहूं कहां भेजा गया है, इसकी पड़ताल की जा रही है। इस बात का भी पता लगाया जा रहा है कि बोरे राइस मिल तक कैसे पहुंचे। उन्होंने कहा कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।