बारातियों से भरा टेंपो पलटा, 5 घायल
महराजगंज। कोठीभार थानाक्षेत्र के ग्राम सभा रुद्रापुर के जंगल टोला के पास शुक्रवार की देर रात करीब 11.30 बजे बारातियों से भरा एक टेंपो पलट गया। उसमें बैठे सभी बाराती गंभीर रूप से घायल हो गए। पीछे से आ रही बारात की ही दूसरी गाड़ी से सभी घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सिसवा पर भर्ती कराया गया। जहां सभी की बिगड़ती स्थिति देख चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
कुशीनगर जनपद के हाटा कोतवाली अंतर्गत ग्राम सभा पगरा निवासी किशोर भारती के घर से शुक्रवार की शाम महराजगंज जिले के सिंदुरिया के लिए बारात निकली। गांव के ही बेचन (42), दीपक (22), गोरख (50), विंध्याचल (40) व करन (17) एक टेंपो पर बैठकर बारात जाने के लिए निकले। टेंपो रात करीब 11.30 बजे जैसे ही कोठीभार थानाक्षेत्र के ग्राम सभा रुद्रापुर के जंगल टोले के पास पहुंचा तभी ड्राइवर को अचानक से मोड़ दिखाई दिया। इसके बाद उसने जोर से ब्रेक ले लिया और टेंपो पलट कर सड़क से खेत में चला गया। टेंपो में सवार सभी बाराती चीखने-चिल्लाने लगे। तभी पीछे की तरफ से बारात की ही एक और गाड़ी आ गई, जिसमें सभी घायलों को लादकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सिसवा में भर्ती कराया गया। जहां सभी की स्थिति नाजुक देख प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ ओम शिव मणि त्रिपाठी ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।