महराजगंज। कार्तिक पूर्णिमा पर शुक्रवार को जनपद की पवित्र नदियों के घाटों पर श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाई तथा दान कर पुण्य प्राप्त किया। जनपद के त्रिमुहानी नदी घाट, सिसवा क्षेत्र के गंडक नदी का बेलवां घाट, मकुनही घाट, छितौनी घाट, घुघली गंडक नदी घाट, झुलनीपुर स्थित त्रिवेणी घाटों के अलावां सभी छोटी-बड़ी नदियों के घाटों पर भोर से ही स्नान के लिए जन सैलाब उमड़ पड़ा। फिर पुण्य और मुक्ति के लिए श्रद्धालुओं ने अन्न और गौदान किया। पूजा-अर्चना के बाद लोगों ने तट पर लगे मेले में जमकर खरीदारी भी की। नदी के घाटों पर क्षेत्र के ग्राम प्रधानों द्वारा जनरेटर से लाइट की व्यवस्था की गई थी। घाटों पर भक्ति गीत बज रहे थे और सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस के जवान मुश्तैद रहे।
मान्यता के अनुसार यह दुर्लभ क्षण बहुत ही मुश्किल से आता है। हिंदू धर्म में कार्तिक माह का खास महत्व होता है। इस माह को सबसे पवित्र महीना माना जाता है, हिंदू धर्म में कार्तिक माह, कार्तिक व्रत, कार्तिक पूजा, कार्तिक स्नान का खास महत्व होता है। इस माह को हिंदू परंपरा के अनुसार बेहद पवित्र महीना भी माना जाता है। यह महीना शरद पूर्णिमा से शुरू होता है और कार्तिक पूर्णिमा तक चलता है।
ठूठीबारी प्रतिनिधि के अनुसार कार्तिक पूर्णिमा पर्व पर दोमुहान घाट पर बडी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। मरचहवां, राजाबारी, नवडिहवां, रामनगर, किसुनपुर, पिपरडाढा, नौनियां, नौवाबारी, लोहरौली, गडौरा, बोदना, कटखोर, मैरी, कडजा, बकुलडीहा, सुकरहर, बरगदवां, डगरुपुर, रमगढवां, शिशगढ, मंगलापुर, खैरहवां जंगल, खैराटी, सीहाभार, धुमठवां, अमहवां, बेलहियां, देवघट्टी आदि गांवो से श्रद्धालु भक्त दोमुहान घाट पर स्नान करने के लिए पहुंचे। अड्डा बाजार प्रतिनिधि के अनुसार कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर क्षेत्र के डंडा नदी के तट पर चंडीथान और रोहिन नदी के तट पर दशरथपुर में मेला लगा। शांति व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस मुस्तैद रही। सीओ डॉक्टर धर्मेंद्र सिंह यादव, थाना अध्यक्ष बिहागड सिंह यादव जायजा लेने पहुंचे।