फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कड़ी सुरक्षा के बीच निकाय चुनाव का नामांकन आज, प्रशासनिक तैयारी पूरी

विज्ञापन
विज्ञापन
महराजगंज। प्रशासन की तरफ से निकाय चुनाव तैयारी शुक्रवार को पूरी कर ली गई। जिले के सात नगर निकायों के 113 वार्डों के चुनाव के लिए नामांकन की प्रक्रिया चार नवंबर को सुबह 10 बजे से शुरू होगी। नामांकन दाखिल करने का सिलसिला शाम चार बजे तक चलेगा। इसके लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। निकायों के अध्यक्ष व सभासद पद के प्रत्याशियों का नामांकन दाखिला नौतनवां, निचलौल, फरेन्दा तहसील और जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट परिसर के विभिन्न कक्षों में होगा। नामांकन वाले स्थलों से निर्धारित दूरी पर बैरिकेडिंग के साथ ही वाहनों के पार्किंग की व्यवस्था भी पूरी कर ली गई है।
विज्ञापन

कलेक्ट्रेट परिसर से 100-100 मीटर की दूरी पर बैरिकेडिंग कर दी गई है। वाहनों को अंदर नहीं जाने दिया जाएगा। साहू जी महराज की प्रतिमा के पास सुरक्षाकर्मी तैनात रहेंगे। बैरिकेडिंग स्थल पर दो एसआई व आठ सिपाही तैनात रहेंगे। यहां सुरक्षा प्रभारी एसओ श्यामदेउरवां रामपाल यादव रहेंगे। इसके अलावा प्रवेश द्वार पर सुरक्षा प्रभारी एसओ पनियरा ओपी चौहान बनाए गए हैं। मुख्य गेट पर एक एसआई चार सिपाही और एक महिला सिपाही को लगाया गया है। कलेक्ट्रेट परिसर में तीन बैरियर लगाए गए है। यहां प्रत्येक बैरियर के पास एक एसआई, तीन सिपाही व एक महिला पुलिस कर्मी की तैनाती की गई है। नामांकन कक्ष में जाने के पहले मुख्य प्रवेश द्वार पर मेटल डिटेक्टर लगाए गए हैं। यहां जांच के बाद ही नामांकन के लिए कक्ष में प्रवेश करने दिया जाएगा। नामांकन कक्ष में असलहों के साथ प्रवेश वर्जित है।
इसी तरह सदर तहसील के पास एक बैरियर होगा। यहां भीड़ को रोक दिया जाएगा। इसके बाद प्रत्याशी के साथ निर्धारित संख्या में समर्थकों को ही अंदर प्रवेश मिलेगा। विकास भवन के करीब रोड पर बैरिकेडिंग कर दी गई है। यहां भी पुलिस कर्मी तैनात रहेंगे। एसओ घुघली आरके सिंह और कोतवाल सदर रामदवन मौर्य प्रत्याशियों के साथ मौजूद समर्थकों की भीड़ पर नजर रखेंगे। इसके आलावा पीएसी और क्यूआरटी के साथ फायर ब्रिगेड की टीम भी तैनात रहेगी। सीओ सदर सुरक्षा व्यवस्था की मानिटरिंग करेंगे। सुरक्षा कर्मी सघन जांच पड़ताल के बाद ही नामांकन के लिए प्रत्याशियों को अंदर जाने की अनुमति देंगे। जिला मुख्यालय की तरह सभी तहसील मुख्यालयों पर भी सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। नामांकन के लिए प्रत्याशी गेट संख्या तीन से प्रवेश करेंगे और उसी गेट से बाहर भी निकलेंगे।
विज्ञापन

नगर पंचायत आनंद नगर के अध्यक्ष व वार्ड सभासद पद के प्रत्याशियों का नामांकन तहसील फरेन्दा के अलग-अलग कक्षों में होगा। इसी तरह नौतनवां तहसील में नगर पालिका नौतनवां व नगर पंचायत सोनौली के चेयरमैन व वार्ड सभासद पद के प्रत्याशियों का नामांकन होगा। जिला मुख्यालय पर नगर पालिका महराजगंज व घुघली नगर पंचायत के अध्यक्ष व वार्ड सभासद पद के दावेदारों का नामांकन होगा। निचलौल तहसील में नगर पंचायत सिसवां व निचलौल के प्रत्याशी नामांकन दाखिल करेंगे।
अपर पुलिस अधीक्षक आशुतोष शुक्ला ने बताया कि निकाय चुनाव को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। जिला मुख्यालय के साथ ही सभी तहसील मुख्यालयों पर शांतिपूर्ण नामांकन के लिए सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। प्रत्येक बैरियर पर एक एसआई, चार सिपाही व एक महिला पुलिस कर्मी की तैनाती की गई है। इसके अलावा जरूरत के अनुरूप अन्य स्थलों पर भी सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें