फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Maharajganj News: घाट से विसर्जन मार्ग तक सुरक्षा के कड़े इंतजाम, गोताखोर और पुलिस बल रहेंगे तैनात

विज्ञापन
विज्ञापन
महराजगंज। दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन और दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिले में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं। पूजा पंडालों से लेकर विसर्जन जुलूस के मार्गों और घाटों तक पुलिस प्रशासन निगरानी रखेगा।
विज्ञापन

जिले में कुल 1747 दुर्गा प्रतिमाओं की स्थापना हुई है। श्रद्धालुओं की भीड़ और विसर्जन के दौरान संभावित हादसों को देखते हुए घाटों पर गोताखोरों, तैराकी में दक्ष पुलिसकर्मियों और अतिरिक्त सुरक्षा बल की तैनाती की जाएगी। गहरे पानी वाले स्थानों पर बैरिकेडिंग, सांकेतिक चिह्न और प्रकाश व्यवस्था के साथ विसर्जन मार्गों को सुरक्षित बनाने पर जोर दिया जा रहा है।
अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ ने बताया कि सभी थाना प्रभारियों को विसर्जन मार्गों का पहले से निरीक्षण कर बाधाओं को दूर कराने के निर्देश दिए गए हैं। प्रतिमाओं के साथ पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। प्रतिमा उठने से लेकर जुलूस के पूरे मार्ग और विसर्जन स्थल तक पुलिसकर्मी मुस्तैद रहेंगे। क्षेत्राधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करेंगे। संवेदनशील और अतिसंवेदनशील गांवों, चौराहों तथा मिश्रित आबादी वाले इलाकों में पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाई गई है।
विज्ञापन

घाटों पर गोताखोरों की तैनाती, गहरे पानी में जाने से रोकने की तैयारी
परतावल क्षेत्र के श्यामदेउरवां थाना अंतर्गत छातिराम छट्ठ घाट पर प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाएगा। थानाध्यक्ष महेन्द्र कुमार मिश्रा ने बताया सुरक्षा के मद्देनजर ट्यूब की व्यवस्था के साथ गोताखोरों और तैराकी में दक्ष पुलिसकर्मियों की तैनाती की तैयारी है। घाट के आसपास गहरे पानी वाले स्थानों पर सांकेतिक चिह्न लगाए गए हैं, ताकि श्रद्धालु जोखिम वाले हिस्सों में जाने से बचें। घाट तक पहुंचने वाले रास्तों और बिजली के तारों को भी सुरक्षित बनाने पर ध्यान दिया जा रहा है। लटकते तारों को दुरुस्त कराने के लिए बिजली विभाग को पत्र भेजा गया है। विसर्जन के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
अस्पताल तिराहे से डांडा नदी तक निकलेगी विसर्जन यात्रा
नौतनवा कस्बे में बुधवार शाम दुर्गा प्रतिमाओं की विसर्जन यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा अस्पताल तिराहे से शुरू होकर जायसवाल मोहल्ला, हनुमान चौक, काली मंदिर रोड, पुरानी नौतनवा, स्टेशन चौराहा, घंटाघर चौक, जयहिंद चौराहा, गांधी चौक और खनुआ तिराहे से होते हुए बनैलिया मंदिर चौराहे के रास्ते ग्राम हरदी डाली रोड स्थित डांडा नदी के तट पर पहुंचेगी। यहां परंपरागत तरीके से प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाएगा। विसर्जन स्थल पर सुगम आवागमन, साफ-सफाई, पथ प्रकाश और बैरिकेडिंग की व्यवस्था की जा रही है। नदी में प्रतिमाओं के विसर्जन के दौरान किसी तरह की अनहोनी रोकने के लिए गोताखोरों की मदद ली जाएगी। पर्याप्त पुलिस बल भी तैनात रहेगा, जो विसर्जन यात्रा के दौरान भीड़ को नियंत्रित करने और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करेगा।
निचलौल में 145 प्रतिमाओं का होगा विसर्जन
निचलौल थाना क्षेत्र के नगर और ग्रामीण इलाकों में स्थापित 145 दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए तेरह चार पुल, चमनगंज पुल और सात पांच पुल को निर्धारित किया गया है। इनमें 134 स्थायी प्रतिमाएं शामिल हैं। प्रशासन ने निर्धारित स्थलों पर घाटों को सुरक्षित बनाने का काम शुरू कराया है। तेरह चार नहर पुल के पास ऊबड़-खाबड़ घाट को जेसीबी से समतल कराया गया है। प्रतिमाओं को पुल से सीधे नहर में डालने के बजाय घाट पर उतरकर विसर्जित कराया जाएगा। इसके लिए नहर में पानी का स्तर भी कम कराया गया है।
एसडीएम अवनीश त्रिपाठी ने बताया विसर्जन मार्गों पर लटक रहे बिजली के तारों को दुरुस्त कराया गया है, ताकि शोभायात्रा के दौरान दुर्घटना की आशंका कम हो। घाटों पर गोताखोरों के साथ पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की टीमें निगरानी करेंगी। जरूरत के अनुसार अतिरिक्त पुलिस बल और पीएसी की तैनाती भी की जाएगी। विसर्जन कार्यक्रम दो दिनों तक चलने की संभावना को देखते हुए संबंधित मार्गों पर बीट सिपाहियों और अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाने की तैयारी है।
सिसवा में एक प्लाटून पीएसी सहित 245 पुलिसकर्मियों की तैनाती
सिसवा बाजार और कोठीभार थाना क्षेत्र में दुर्गा पूजा महोत्सव को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। क्षेत्र में 150 से अधिक दुर्गा प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ने के साथ आकर्षक सजावट, धार्मिक झांकियों और गरबा-डांडिया के कार्यक्रमों को लेकर भी पुलिस सतर्क है।
प्रभारी निरीक्षक अखिलेश वर्मा ने बताया कि नगर और क्षेत्र में पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए 200 पुरुष आरक्षी, 25 महिला आरक्षी, 20 उपनिरीक्षक और एक प्लाटून पीएसी की तैनाती की गई है। पुलिसकर्मियों को विभिन्न पूजा पंडालों और प्रमुख स्थानों पर लगाया गया है, ताकि भीड़ प्रबंधन के साथ कानून-व्यवस्था बनाए रखी जा सके।
बृहस्पतिवार को सुबह प्रतिमाएं निर्धारित परंपरागत मार्ग से नगर भ्रमण करते हुए बीजापार स्थित खेखड़ा घाट पहुंचेंगी। यहां विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाएगा। घाट पर सुरक्षित विसर्जन के लिए जरूरी इंतजाम किए जा रहे हैं। पुलिस की ओर से जुलूस के दौरान श्रद्धालुओं की आवाजाही पर नजर रखने और किसी भी अव्यवस्था से निपटने की तैयारी की गई है।

बोले अधिकारीत्योहार के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए कोतवाली, श्यामदेउरवां, भिटौली, सिंदुरिया, निचलौल, कोठीभार और कोल्हुई थाना क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल उपलब्ध कराया गया है। इसमें एक निरीक्षक, 26 उपनिरीक्षक, 110 मुख्य आरक्षी और आरक्षी, 31 महिला आरक्षी तथा एक पीएसी कंपनी शामिल है। जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेट पुलिस अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमण करेंगे। सोशल मीडिया सेल फेसबुक, एक्स, व्हाट्सएप और इंस्टाग्राम पर प्रसारित होने वाली पोस्ट और संदेशों पर नजर रखेगी। अफवाह फैलाने या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन

- शक्ति मोहन अवस्थी, पुलिस अधीक्षक
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें