निष्पक्ष चुनाव की मंशा पर फिर सकता है पानी
राजनीतिक दलों से जुड़े शिक्षणकर्मियों की भी लगी ड्यूटी
अमर उजाला ब्यूरो
महराजगंज। लोकसभा चुनाव में राजनीतिक दलों से जुड़े शिक्षण कर्मियों की भी ड्यूटी लगा दी गई है। इससे निष्पक्ष तरीके से चुनाव संपन्न कराने की प्रशासन की मंशा पर पानी फिरने की आशंका पैदा हो गई है। हालांकि मुख्य विकास अधिकारी का कहना है कि स्कूलों की ओर से फीड किए गए डाटा के आधार पर चुनाव में ड्यूटी लगाई गई है। द्वितीय रेंडमाइजेशन के दौरान ऐसे कर्मियों को चिह्नित कर उनकी ड्यूटी हटा दी जाएगी। ताकि चुनाव की निष्पक्षता पर सवाल पैदा न हो।
लोकसभा चुनाव में तमाम ऐसे अशासकीय कर्मियों की ड्यूटी लगा दी गई है, जो राजनीतिक दलों में संबंध रखते हैं। इनमें कुछ तो राजनीतिक दलों के पदाधिकारी भी हैं। जवाहर लाल नेहरू पोस्ट ग्रेजुएट कॉलेज के कुछ ऐसे कर्मचारियों की चुनाव में ड्यूटी लगी है, जो राजनीतिक दलों के पदाधिकारी हैं। कालेज के 57 कर्मचारियों की चुनाव में ड्यूटी लगी है। यहां के लेखाकार श्रवण पटेल बहुजन समाज पार्टी के मंडल प्रभारी हैं। उनकी भी चुनाव में ड्यूटी लगी है। इसी तरह सपा के जिला सचिव प्रणव गौतम की भी ड्यूटी लगी है। यह भी कॉलेज में कर्मचारी हैं। राजीव द्विवेदी भारतीय जनता पार्टी के सक्रिय सदस्य हैं। संतोष श्रीवास्तव कांग्रेस पार्टी के पूर्व जिला महासचिव हैं। डॉ. शांति शरण मिश्र भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिला मीडिया प्रभारी हैं। यह सभी लोग पीजी कॉलेज के कर्मचारी हैं और इनकी ड्यूटी लगी है। ऐसे में निष्पक्ष तरीके से चुनाव संपन्न होने को लेकर आशंका जताई जाने लगी है।
मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार अग्रवाल ने बताया कि स्कूलों की ओर से फीड डाटा के आधार पर ही ड्यूटी लगाई गई है। द्वितीय रेंडमाइजेशन के दौरान ऐसे कर्मियों को चिह्नित कर ड्यूटी से हटा दिया जाएगा। बेहतर ढंग से चुनाव कराने की पूरी तैयारी की जा रही है। सभी महत्वूपर्ण बिंदुओं पर ध्यान देकर चुनाव संबंधी कार्य किए जा रहे हैं।