दवा कंपनी ने दी शहीद के परिजनों को पांच लाख सहायता राशि
आईएएस एसोसिएशन ने भी एक लाख की सहायता डीएम के माध्यम दी
डीएम ने लिया शहीद पंकज के गांव में चल रहे कार्यों का जायजा
अमर उजाला ब्यूरो
फरेंदा। जिलाधिकारी अमरनाथ उपाध्याय गुरुवार को पुलवामा में हुए आतंकी हमले में शहीद पंकज त्रिपाठी के गांव हरपुर बेलहियां पहुंचे। वहीं मुंबई की दवा कंपनी के महाप्रबंधक भी सहयोगियों के साथ गांव पहुंचे और शहीद को श्रद्धांजलि देने के बाद परिजनों को पांच लाख रुपये की सहायता दी। जिलाधिकारी ने भी आईएएस एसोसिएशन की तरफ से भेजी गई एक लाख रुपये की सहायता राशि का चेक शहीद के परिजनों को सौंपी।
डीएम अमरनाथ उपाध्याय ने कहा कि शहीदों के परिवारों के साथ पूरा देश है। ऐसे में सरकार पूरी मदद दे रही है। डीएम ने शहीद स्मारक का काम करा रही संस्था के जिम्मेदारों को चेतावनी दी कि किसी भी तरह की लापरवाही सामने आई तो जिम्मेदारी तय की जाएगी। ग्राम प्रधान सुनील यादव व सचिव अनुरोध को उन्होंने आगाह किया कि जो भी कार्य कराए जा रहे हैं वह मानक के अनुरूप होने चाहिए। शिकायत मिली तो जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी। डीएम ने प्राथमिक विद्यालय पहुंच कर वहां कराए जा रहे विकास कार्यों की खंड शिक्षा अधिकारी से बात कर जानकारी ली। प्रधानाध्यापक से उपस्थिति रजिस्टर मंगाकर देखने के बाद एमडीएम व विद्यार्थियों की संख्या की जानकारी ली। साथ ही आगाह किया कि पठन पाठन में लापरवाही क्षम्य नहीं होगी। उन्होंने खेलकूद मैदान, स्मारक, सड़क, मुख्य द्वार के संबंध में भी जानकारी ली। इस दौरान डीसी मनरेगा, तहसीलदार अशोक कुमार गुप्ता, सहायक विकास अधिकारी पंचायत गुलाब पाठक, हेमवंत तिवारी, थानाध्यक्ष आशुतोष सिंह, रीजनल मैनेजर सर्वेंद्र सिंह, प्रशांत मिश्रा, राहुल श्रीवास्तव, दिवाकर श्रीवास्तव, रंजीत यादव आदि मौजूद रहे।
उधर, सहयोग राशि सौंपने के बाद दवा कंपनी के महाप्रबंधक राजीव त्रिपाठी, क्षेत्रीय प्रबंधक अभिषेक श्रीवास्तव ने कहा कि शहीदों के इस बलिदान को देश हमेशा याद रखेगा।