पुरानी पेंशन बहाली के लिए जेल भरो आंदोलन आज
अमर उजाला ब्यूरो
महराजगंज। संयुक्त संघर्ष संचालन समिति की जिला इकाई की बैठक बुधवार को सदर बीआरसी के शिक्षक भवन सभागार में हुई। इसमें पुरानी पेंशन बहाली के लिए 24 जनवरी को चलने वाले जेल भरो आंदोलन करने की रणनीति बनाई गई।
संगठन के अध्यक्ष टीएन गोपाल ने कहा कि पुरानी पेंशन बहाली के लिए प्रदेश इकाई के पदाधिकारियों के निर्देश पर जिले में 24, 28, 31 जनवरी व पांच फरवरी को शिक्षक व कर्मचारी जेल भरो आंदोलन करेंगे। उन्होंने सरकार से पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल करने की मांग की। जिला संयोजक बलराम निगम ने आरोप लगाया कि पुरानी पेंशन बहाली के लिए सरकार कोई कदम नहीं उठा रही है। इससे शिक्षकों और कर्ऱ्मचारियों में सरकार के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार ने शिक्षकों से उनके बुढ़ापे का सहारा छिन लिया है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल नहीं हुई तो आंदोलन तेज किया जाएगा। उन्होंने 24 जनवरी को होने वाले जेल भरो आंदोलन को सफल बनाने पर जोर दिया। इस मौके पर उपेंद्र पांडेय, अंबरीष शुक्ल सहित कई अन्य लोग मौजूद रहे।