ब्लॉकों से नहीं भेजे रहे पेंशनरों के आधार कॉर्ड नंबर
16568 लोगों के आवेदन हैं अधूरे
अमर उजाला ब्यूरो
महराजगंज। वृद्धावस्था पेंशन के लिए आवेदन करने वालों के आधार कार्ड संख्या ब्लॉकों से न भेजे जाने के कारण 16568 पेंशनरों की प्रक्रिया पूरी नहीं हो पा रही है। ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों की इस लापरवाही का खामियाजा योजना के लिए पात्र बुजुर्गों को भुगतना पड़ रहा है। उन्हें पेंशन की सुविधा का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
जिला समाज कल्याण अधिकारी वीके सिंह ने बताया कि ग्राम पंचायत सचिवों व सहायक विकास अधिकारियों को पत्र भेजकर वृद्धावस्था पेंशन के लिए आवेदन करने वालों के आधार कार्ड संख्या जल्द से जल्द उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि सदर ब्लॉक में 939, धानी में 677, घुघली में 1189, लक्ष्मीपुर में 1369, मिठौरा में 2892, बृजमनगंज में 651, निचलौल में 1303, नौतनवां में 1452, पनियरा में 1891, परतावल में 1209, फरेंदा में 900 और सिसवां में 2071 लोगों के आवेदन आधारकॉर्ड संख्या न होने के कारण अधूरे पड़े हैं। उन्होंने सभी ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों को पत्र भेजकर जल्द से जल्द आधारकॉर्ड संख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।