जिले में नहीं आईं मांग के अनुरूप किताबें
पाठ्य पुस्तकों के बगैर शिक्षा ले रहे परिषदीय स्कूलों में विद्यार्थी
अमर उजाला ब्यूरो
महराजगंज। जिले में परिषदीय स्कूलों में मांग के अनुरूप अब भी सभी विषयों की किताबें नहीं आई हैं। नए शैक्षिक सत्र का काफी समय बीत गया और अब तक पाठ्य पुस्तकें नहीं आ सकी हैं। इसके चलते परिषदीय विद्यालयों के विद्यार्थियों पाठ्य पुस्तकों के बगैर पढ़ाई करनी पड़ रही है।
बीते सोमवार को कक्षा चार व पांच की कुल 59109 किताबें जिले को मिली हैं। जो जल्द ही स्कूलों में भेजी जाएंगी। बीएसए जगदीश शुक्ला ने बताया कि कक्षा चार की हिंदी की कलरव 11255 और गिनतारा 10800 किताबें प्राप्त हुई हैं। इसी तरह कक्षा पांच के छात्रों के लिए हिंदी की पुस्तक कलरव 30999 और गिनतारा 3133 किताबें प्राप्त हुई हैं। वहीं अंग्रेजी माध्यम से संचालित परिषदीय प्राथमिक स्कूलों के कक्षा पांच के छात्रों के लिए हमारा परिवेश विषय की 1284 और कक्षा चार हिंदी के लिए गिनतारा 2138 किताबें मिली हैं। उन्होंने बताया कि इससे पहले कक्षा छह की कुल 24549 किताबें मिली थीं, जिन्हें स्कूलों को भेजवा दिया गया है। इस वर्ष जिले में सभी परिषदीय स्कूलों के विद्यार्थियों को नि:शुल्क पुस्तकें वितरित करने के लिए कुल 13 लाख 89 हजार 986 किताबों की मांग की गई थी। इसमें कुछ किताबें अभी नहीं आई हैं।