निचलौल (महराजगंज)। स्थानीय विकास खंड के मुख्य गेट के सामने यूनियन बैंक की शाखा में सर्वर ठप होने कारण उपभोक्ता काफी परेशान रहे। वही ग्रामीण क्षेत्रों से पेंशन पाने के लिए आई बुजुर्ग महिलाएं शाम तक सर्वर चालू होने का इंतजार करती रही। सोमवार को जैसे ही बैंक खुला लोगों की भीड़ लेन -देन करने के लिए उमड़ पड़ी। कोई अपनी पेंशन लेने आया था तो कोई अपना पैसा जमा करने आया था। सर्वर डाउन होने के कारण इन सभी उपभोक्ताओं को निराशा हाथ लगी। परमेश्वर ने बताया कि सर्वर कब ठीक होगा इस बात की जानकारी देने के लिए कोई भी बैंक कर्मी तैयार नहीं था। पूरा दिन भूखे-प्यासे बैठकर रकम निकलने का इंतजार करना पड़ा। लेकिन सर्वर डाउन होने से काम नहीं हो पाया। निराश होकर लौटना पड़ा। भीड़ जमा होने के बाद बैंक कर्मियों द्वारा बाहर गेट पर सर्वर फेल होने का नोटिस चस्पा कर औपचारिकता पूरी कर दी गई। बिशनपुरा निवासी भोले का कहना है कि पिछले पांच दिनों से बैंक में पैसा निकालने के लिए आ रहे हैं। लेकिन कभी सर्वर ठप तो कभी पैसा ही नहीं है कहकर बैंक उन्हें वापस कर दे रहा है। बिंदु देवी,मंजू देवी, बृहस्पति ने बताया कि वह पिछले तीन-चार दिनों से बैंक में पैसा के लिए चक्कर लगा रहे हैं। इस बाबत पर शाखा प्रबंधक अंकुर मल्ल ने बताया कि सर्वर डाउन होने से उपभोक्ताओं को काफी परेशानी उठानी पड़ रही हैं। इस समस्या के निस्तारण को लेकर अधिकारियों से आग्रह किया गया है। सर्वर समस्या को जल्द ठीक कर लिया जाएगा।