महराजगंज। हनुमानगढ़ी के पास शुक्रवार को दोपहर बाद अनियंत्रित ट्रक ने साइकिल सवार व्यापारी को टक्कर मार दिया। इस हादसे में व्यापारी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना से नाराज आसपास के लोगों ने चालक सहित ट्रक को रोक लिया और मौके पर पुलिस बुला लिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझा बुझाकर शांत कराया। इसके बाद चालक को कोतवाली लाया गया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
कोतवाली थाना क्षेत्र के सवना गांव के रहने नुरूलेन अहमद (50) हनुमानगढ़ी के पास बीज की दुकान खोले हुए थे। शुक्रवार को वह दोपहर बाद दुुकान पर साइकिल से आ रहे थे। हनुमानगढ़ी मोड़ के पास ज्यों ही वह पहुंचे, गोरखपुर की ओर से आ रहे अनियंत्रित ट्रक ने टक्कर मार दिया। इस हादसे में व्यापारी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आसपास के दुकानदार मौके पर इकट्ठे हो गए। इस बीच जब ट्रक चालक वाहन के साथ भागने की कोशिश करने लगा तो नाराज लोगों ने उसे पकड़ लिया और घटना के बारे में कोतवाली पुलिस को सूचना दी। मौके पर चौकी इंचार्ज जयशंकर मिश्रा, एसआई ट्रैफिक संजय शाही समेत अन्य पुलिस कर्मी पहुंचे। पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत लेकर ट्रक को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने इस घटना से नाराज मौके पर मौजूद लोगों को भी समझा बुझाकर शांत कराया और ट्रक चालक को कोतवाली ले गई। मृतक के चार बेटे कलीम, नसीम, सलीम, मोहम्मद रजा हैं। मृतक की पत्नी मैमुन निशा सूचना पाकर मौके पर पहुंची। बीजेपी नेता सुरेश मद्धेशिया सहित तमाम लोगों ने मृतक के परिजनों को ढांढस बंधाया। नगर चौकी इंचार्ज जय शंकर मिश्रा ने बताया कि ट्रक चालक को हिरासत में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।