जिलाधिकारी ने खिलाड़ियों को वितरित किया बेल्ट व प्रमाणपत्र
महराजगंज। मंगलवार को जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने जनपद के 16 ताइक्वांडो खिलाड़ियों को विश्व ताइक्वांडो मुख्यालय, कुक्कीवन, साउथ कोरिया की ओर से जारी ब्लैक बेल्ट उपाधि के साथ प्रमाणपत्र वितरित किया।
जिला सचिव अभिषेक कुमार विश्वकर्मा ने बताया कि इस वर्ष इन 16 खिलाड़ियों ने ब्लैक बेल्ट की परीक्षा उत्तीर्ण की है। इनमें से अधिकांश खिलाड़ी पहले ही राज्य स्तरीय और राष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिताओं में पदक जीतकर जनपद का नाम रोशन कर चुके हैं।
जिलाधिकारी ने इन युवा प्रतिभाओं को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं और कहा कि ऐसे प्रयास खेल भावना को मजबूत करते हैं तथा युवाओं को सकारात्मक दिशा प्रदान करते हैं। सम्मानित खिलाड़ियों में प्रधानमंत्री बाल पुरस्कार से सम्मानित सांची अग्रवाल, नैवेद्य, दीपांश सोनी, आयुष केशरी, ममता कुमारी, अरशद अली, प्रिया, अंकित, अमन चौधरी, ज्योतिर्मय रूद्रमा गुप्ता, जोया अफरोज, अश्वनी सिंह और वीरेंद्र भारती शामिल हैं, जिन्हें ब्लैक बेल्ट फर्स्ट डान प्रदान किया गया। वहीं आकाश चौधरी, रियाज अली और सौजन्य स्नेह प्रियदर्शी को ब्लैक बेल्ट सेकंड डान की उपाधि मिली।
अभिषेक कुमार विश्वकर्मा ने आगे बताया कि ये सभी खिलाड़ी अब आगामी राज्य स्तरीय और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं की कड़ी तैयारी में जुटे हैं। इस दौरान प्रशिक्षक राहुल राय, उत्सव शर्मा और दयानंद त्रिपाठी मौजूद रहे।