- भूमि विवादों पर पुलिस-राजस्व की संयुक्त टीम करेगी जांच, समय के भीतर कार्रवाई के निर्देश
महराजगंज। जिले के सभी थानों में शनिवार को आयोजित थाना समाधान दिवस में पुलिस और राजस्व अधिकारियों ने लोगों की समस्याएं सुनीं। जिलेभर में 16 प्रार्थना पत्र मिले, जिनमें दो का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष मामलों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए तय समय में गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
समाधान दिवस में क्षेत्राधिकारियों और थाना प्रभारियों ने शिकायतकर्ताओं की बात सुनीं। भूमि विवाद और पैमाइश से जुड़े मामलों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस व राजस्व विभाग की संयुक्त टीम को मौके पर भेजकर जांच कराने को कहा गया। दोनों पक्षों की मौजूदगी में स्थलीय निरीक्षण कर नियमानुसार निष्पक्ष कार्रवाई पर जोर दिया गया।
अधिकारियों ने निर्देश दिया कि थाना स्तर, आईजीआरएस या अन्य माध्यमों से प्राप्त भूमि संबंधी शिकायतों को समाधान दिवस रजिस्टर में दर्ज किया जाए। संबंधित पक्षों को बुलाकर संयुक्त टीम के जरिये विवाद का निस्तारण कराया जाए ताकि लोगों को अलग-अलग विभागों के चक्कर न लगाने पड़ें।
चौक थाने में एएसपी ने सुनीं शिकायतें
चौक थाने में अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ ने जनसुनवाई की। भूमि विवाद और पैमाइश के मामलों में उन्होंने पुलिस-राजस्व की संयुक्त टीम को मौके पर पहुंचकर जांच करने को कहा। शिकायतों का पारदर्शी एवं निष्पक्ष तरीके से समय सीमा के भीतर निस्तारण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने शिकायतकर्ताओं से शालीन व्यवहार और महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों में तत्काल कार्रवाई पर भी जोर दिया।
-
नौतनवा और श्यामदेउरवां में एक-एक मामला
नौतनवा थाना सभागार में एसडीएम कुणाल और सीओ बसंत सिंह ने लोगों की समस्याएं सुनीं। यहां सिर्फ एक शिकायत मिली, जिसके निस्तारण के लिए टीम गठित की गई। अधिकारियों ने संबंधित कर्मचारियों को समय सीमा के भीतर कार्रवाई कर रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इस दौरान थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह, कानूनगो कैतवा अहमद समेत राजस्व विभाग के लेखपाल और कर्मचारी मौजूद रहे।