4.36 लाख बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो की खुराक
महराजगंज। जिले में 4.36 लाख बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। इसकी तैयारी पूरी कर ली गई है। पल्स पोलियो अभियान के क्रम में 23 जून को कुल 1368 बूथों पर पोलियो ड्राप पिलाया जाएगा। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. क्षमा शंकर पांडेय ने कहा कि जनपद के पांच वर्ष के बच्चों को पोलियों की खुराक देने के लिए कुल 3750 कर्मचारी लगाए जाएंगे। इन कर्मचारियों में 919 आशा, 2016 आंगनबाड़ी व अन्य विभागीय कर्मचारी सम्मिलित हैं। बूथ पर पोलियो ड्राप पिलाने के बाद छूटे हुए बच्चों को घर-घर जाकर ड्राप पिलाने के लिए 883 टीम लगाई जाएगी। टीकाकरण अधिकारी/ डिप्टी सीएमओ डॉ. आईए अंसारी ने बताया कि पोलियो ड्राप पिलाने के लिए शहरी क्षेत्र में 48 तो ग्रामीण क्षेत्रों में 1320 पोलियो बूथ बनाए गए हैं। पल्स पोलियो अभियान के पर्यवेक्षण के लिए कुल 264 पर्यवेक्षण और बूथों पर पोलियो की खुराक पहुंचाने के लिए कुल 70 वाहन लगाए जाएंगे।