11 करोड़ से होगा सीमावर्ती क्षेत्रों का विकास
अमर उजाला ब्यूरो
महराजगंज (ब्यूरो)। जिले के सीमावर्ती इलाकों में 11 करोड़ रुपये खर्च कर विकास कार्य कराए जाएंगे। इसके तहत सीमावर्ती चार ब्लॉकों में सड़क, शौचालय, सामुदायिक भवन के निर्माण व पर्यटन विकास पर जोर दिया जाएगा।
सीडीओ पवन अग्रवाल ने बताया कि सीमावर्ती क्षेत्रों में विकास कार्य के लिए शासन स्तर से 11 करोड़ रुपये मंजूर हुए हैं। दिशानिर्देशों के अनुरूप कार्ययोजना तैयार की जा रही है। बार्डर एरिया डेवलपमेंट योजना के लिए वित्तीय वर्ष 2019-20 में करीब 11 करोड़ से सीमावर्ती क्षेत्र के चार ब्लाकों निचलौल, नौतनवा, बृजमनगंज व लक्ष्मीपुर का विकास होगा। इसके तहत चारों ब्लॉकों में सड़क, पुल, शौचालय, सामुदायिक व पंचायत भवन, हाईमास्ट, किसान शेड, सामुदायिक शौचालय, पर्यटन विकास, स्वास्थ्य उपकेंद्र, गेस्ट हाउस आदि के निर्माण होने हैं। कार्ययोजना बनाने के लिए जिलाधिकारी अमरनाथ उपाध्याय की अध्यक्षता में गठित कमेटी ने संबंधित विभागों को दिशानिर्देश जारी कर दिया है। कहा कि सीमावर्ती क्षेत्र के गांवों की साफ सुथरी तस्वीर बनानी होगी। ताकि सरहद पर आने वाले विदेशियों के समक्ष अपने देश की छवि विकसित देशों की बने सके। इसके लिए सीमावर्ती क्षेत्रों में वाटर एटीएम, बैठने की उचित व्यवस्था, एसएसबी की चौकियों पर चाक चौबंद व्यवस्था करनी होगी।